लखनऊ. बच्चों में सीखने की क्षमता को विकसित करने के साथ ही बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित निपुण अभियान को समझने के उद्देश्य से मंगलवार को केन्या, ब्राजील, अर्जेंटीना, दक्षिण अफ्रीका और सेनेगल के अधिकारियों ने प्रतिनिधियों के साथ गाजियाबाद के एक स्कूल का दौरा किया. प्रतिनिधिमंडल में शामिल 70 सदस्यीय दल ने परिषदीय विद्यालयों में कक्षा शिक्षण का अवलोकन कर निपुण भारत की नीतियों के जमीनी क्रियान्वयन को समझा.
इसे भी पढ़ें- एकला चलो रे! UP – उत्तराखंड की तरह पंजाब का भी चुनाव अलग लड़ेगी बसपा, मायावती का बड़ा ऐलान
23 से 27 अगस्त तक चल रहे सप्ताहभर के पीयर-लर्निंग इमर्शन कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिनिधिमंडल को छोटे-छोटे समूहों में विभाजित कर गाजियाबाद के नगर, राजापुर, लोनी और मुरादनगर ब्लॉकों के 11 विद्यालयों का भ्रमण कराया गया. प्रतिनिधियों ने कक्षा-कक्ष में शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया देखी और विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्रधानाचार्यों, अकादमिक रिसोर्स पर्सन्स (एआरपी) और राज्य संसाधन समूह के अधिकारियों से संवाद किया.
इसे भी पढ़ें- विरासत में सत्ता मिल सकती है, लेकिन…अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का हमला, चवन्नी और रुपया का जिक्र कर कह दी बड़ी बात
दौरे के बाद प्रतिनिधिमंडल ने की अधिकारियों संग चर्चा
दौरे के बाद प्रतिनिधिमंडल दल के सदस्यों ने अधिकारियों के साथ बैठक भी की. बैठक में गाजियाबाद के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और राज्य संसाधन समूह के सदस्य शामिल हुए. बैठक में पाठ्यक्रम एवं अध्ययन उद्देश्यों, संरचित शिक्षण-अधिगम सामग्री, शिक्षक मार्गदर्शन एवं मेंटरिंग, आकलन और आंकड़ों के उपयोग पर विचार-विमर्श हुआ. साथ ही विद्यार्थियों और शिक्षकों से सीधे संवाद के माध्यम से शिक्षण प्रक्रिया, अकादमिक सहयोग और बच्चों की सीख से जुड़े अनुभवों को समझा गया.


