रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आज अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के लोधावारी गांव पहुंचकर पासी समाज के महानायक वीर वीरा पासी की भव्य मूर्ति का अनावरण किया. इस कार्यक्रम में समर्थकों और पासी समाज के लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. पूरे गांव में उत्साह का माहौल रहा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का भव्य स्वागत किया.

इसे भी पढ़ें- मौत का सफरः अज्ञात वाहन से जा भिड़ी कार, 4 लोगों की उखड़ी सांसें, 2 लड़ रहे जिंदगी की जंग

मंच पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, पूर्व सांसद तनुज पुनिया, आराधना मिश्रा सहित कांग्रेस के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे. मूर्ति अनावरण के बाद राहुल गांधी ने संबोधित करते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग को सम्मान और समान अवसर मिलना चाहिए. उन्होंने पिछड़े वर्गों, दलितों और वंचित समुदायों की भागीदारी बढ़ाने, उनके अधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय पर जोर दिया. राहुल ने वीरा पासी को शौर्य और संघर्ष का प्रतीक बताते हुए उनकी याद को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.

इसे भी पढ़ें- गठबंधन की आस तो नहीं? मायावती के दरवाजे से वापस लौटे कांग्रेसी, सुरक्षाकर्मियों ने कहा- बिना समय लिए न आएं

चुनावी रंग साफ नजर आए

कार्यक्रम पूरे तौर पर चुनावी अंदाज में आयोजित दिखाई दिया. पासी समाज के हजारों लोगों की उपस्थिति ने इसे एक बड़ा सामाजिक समर्थन प्रदर्शन बना दिया. कांग्रेस इसे अपने संगठनात्मक और सामाजिक विस्तार की रणनीति का हिस्सा मान रही है. पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह दौरा रायबरेली में पासी समुदाय को मजबूती से साधने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

लोधावारी में उमड़ी विशाल भीड़ ने साफ संकेत दिया है कि रायबरेली की सियासत अब सामाजिक समीकरणों और जातीय गणित की जंग में तेजी से बदल रही है. पासी समाज रायबरेली संसदीय क्षेत्र में काफी प्रभावशाली माना जाता है और दोनों प्रमुख दलों के बीच इस वर्ग को लुभाने की होड़ बढ़ गई है.