रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज के बाहर समाजवादी पार्टी छात्र सभा के सदस्यता अभियान के दौरान गुरुवार को हुए विवाद ने अब सियासी रंग ले लिया है. घटना को लेकर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है. मंत्री ने लिखा, बाप रे, इतना अहंकार… ये पब्लिक है, सब जानती है. मंत्री ने अपने पोस्ट में आगे उत्तर प्रदेश पुलिस को लेकर भी टिप्पणी की. उन्होंने लिखा, “ये यूपी की पुलिस है, जून में जनवरी का एहसास करा ही देती है.” उनके इस बयान को रायबरेली में गुरुवार को हुए घटनाक्रम और उसके बाद सामने आई पुलिस कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है.

इसे भी पढ़ें- UP में ‘अंधी’ सरकार और ‘बहरा’ सिस्टम! खस्ताहाल और पानी भरी सड़क में हर रोज गिरकर लोग हो रहे चोटिल, जिम्मेदार बेसुध, कब जागेंगे जिलाधिकारी साहब?

सदस्यता अभियान के दौरान हुआ था विवाद

गुरुवार को शहर क्षेत्र स्थित फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज के गेट के बाहर समाजवादी पार्टी छात्र सभा की ओर से सदस्यता अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एबीवीपी और सपा छात्र सभा से जुड़े छात्रों के बीच विवाद हो गया था. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गए और वहां विरोध-प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के चलते पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में तनाव की स्थिति बन गई थी. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया था. घटना के बाद शुक्रवार को भी कॉलेज गेट के बाहर सपा छात्र सभा का सदस्यता अभियान जारी रहा. किसी नए विवाद की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया.

इसे भी पढ़ें- भाजपा जाएगी, नौकरी आएगी! UPSSSC के अभ्यर्थियों को मिला अखिलेश यादव का समर्थन, जानिए सभी भर्तियों में Waiting List को लेकर क्या कहा?

अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया के बाद बढ़ी सियासी गर्मी

रायबरेली की घटना के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से प्रतिक्रिया व्यक्त की थी. इसके बाद स्थानीय स्तर पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विरोध दर्ज कराया. सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने कहा है कि नगर कोतवाल को हटाए जाने तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा. बताया जा रहा है कि घटना के बाद लखनऊ से एक प्रतिनिधिमंडल रायबरेली पहुंचने वाला है. प्रतिनिधिमंडल के डिग्री कॉलेज चौराहा पहुंचने की चर्चा के बीच पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है. कॉलेज गेट, चौराहे और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है. रायबरेली का यह विवाद छात्र संगठनों के बीच हुई झड़प से आगे बढ़कर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक टकराव का मुद्दा बनता दिखाई दे रहा है.