रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रस्तावित रायबरेली दौरे को लेकर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री व ऊंचाहार विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने सवाल उठाए हैं. उन्होंने विपक्षी दलों और पूर्ववर्ती सरकारों पर जमकर निशाना साधा.

मंत्री मनोज पांडेय ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को कहीं भी जाने की स्वतंत्रता है, लेकिन विपक्ष को उन दौरों के दौरान भी आवाज उठानी चाहिए थी. जब युवाओं और प्रतियोगी छात्रों से जुड़े मुद्दे सामने आए थे. उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक दौरे करने से समस्याओं का समाधान नहीं होता, बल्कि जनता से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से आवाज उठाना भी जरूरी है.

इसे भी पढ़ें- सड़क पर सियासतः14 कोसी परिक्रमा मार्ग चौड़ीकरण बुलडोजर एक्शन पर भड़के सांसद अवधेश प्रसाद, पीड़ितों के साथ धरने पर बैठकर दे डाली चेतावनी

पूर्ववर्ती सरकारों पर आरोप लगाते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उनके कार्यकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और माफिया गतिविधियों को बढ़ावा मिला. उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है.

आतंकवाद और नक्सलवाद के मुद्दे पर उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीरता से काम कर रही है. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं.

इसे भी पढ़ें- ‘सत्ता की कठपुतली’ कौन? 14 आपत्तियों पर अखिलेश का तीखा हमला, चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

साल 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर दिए जा रहे ‘बदले की राजनीति’ संबंधी बयानों पर भी मंत्री ने आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी दल या नेता का अंतिम फैसला जनता के जनादेश से होता है. जनता जिसे अपना समर्थन देती है, वही सत्ता में आता है.