अशोक कुमार जायसवाल, वाराणसी. वाराणसी के चेतगंज थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से 5 लाख रुपये की लूट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में चंदौली जिले के छह युवक भी शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की पूरी रकम, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, बुलेट बाइक और एक अवैध पिस्टल बरामद की है. कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिसके जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी.

इसे भी पढ़ें- राम मंदिर ट्रस्ट ने किए चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार, कृष्ण मोहन बने कार्यवाहक महासचिव

पुलिस के अनुसार, 27 जून को चेतगंज क्षेत्र का एक सर्राफा व्यापारी प्लॉट की रजिस्ट्री के लिए उधार लेकर पांच लाख रुपये स्कूटी से अपने घर ले जा रहा था. जैसे ही वह बाटी-चोखा रेस्टोरेंट के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बदमाशों ने रुपयों से भरा झोला लूट लिया और मौके से फरार हो गए. पीड़ित की तहरीर पर चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. घटना के बाद चेतगंज और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लगातार जांच की. रविवार देर रात रामनगर के लंका मैदान और बंदरगाह रोड क्षेत्र में दबिश देकर आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश का BJP सांसद को 10 मिनट का अल्टीमेटम, बोले- पोस्ट हटाएं, नहीं तो होगी नामजद एफआईआर

गिरफ्तार आरोपियों में चंदौली जिले के सिपाही उर्फ विजय यादव, आकाश यादव, प्रद्युम्न यादव, गोविंद मौर्य, जावेद अख्तर और अमित कुमार शामिल हैं. इनके अलावा वाराणसी निवासी आकाश सेठ और आशीष मौर्य को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वाराणसी निवासी आशीष मौर्य और प्रद्युम्न यादव ने सर्राफा व्यापारी की गतिविधियों और पैसे लेकर आने-जाने की पूरी जानकारी अपने साथियों को दी थी. इसी सूचना के आधार पर लूट की पूरी साजिश रची गई और वारदात को अंजाम दिया गया.

इसे भी पढ़ें- राम मंदिर भूमि खरीद में 13 नए सबूतों का दावा, एसआईटी को दस्तावेज सौंपेंगे: संजय सिंह

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान मुख्य आरोपी आकाश सेठ ने अवैध पिस्टल से पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया. पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है.