वाराणसी. विमान में सफर करने वाले यात्रियों को शायद ही अंदाजा रहा होगा कि उनका सामान एयरपोर्ट से बाहर निकलने से पहले ही निशाने पर आ चुका है. फूलपुर पुलिस ने रविवार को एयरलाइंस यात्रियों के बैग से ज्वैलरी चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया है. आरोपी एयरपोर्ट पर ड्यूटी के दौरान यात्रियों के सामान पर नजर रखता था और मौका मिलते ही बैग से कीमती सामान निकाल लेता था. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर करीब 7 लाख रुपये कीमत की ज्वैलरी और 400 रुपये नकद बरामद किए हैं.
इसे भी पढ़ें- “दावे बड़े, हकीकत सिफर!” योगी सरकार की कानून व्यवस्था पर अखिलेश का करारा प्रहार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश पटेल (26), निवासी रतनपुर, थाना बड़ागांव, वाराणसी के रूप में हुई है. उसे 9 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर केपीएस लॉन रोड, बहद ग्राम मंगारी रोड के पास से गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह एयरपोर्ट पर ड्यूटी के दौरान यात्रियों के सामान की आवाजाही पर नजर रखता था. इसी दौरान बीते 15 जुलाई को उसकी नजर नीले रंग के एक ट्रॉली बैग पर पड़ी. बैग की चेन खुली थी. आरोपी ने मौका देखकर बैग खोला और उसमें रखे मंगलसूत्र और सोने के कान के झुमके निकाल लिए. इसके दो दिन बाद 17 जुलाई को उसने भूरे रंग के एक अन्य बैग को निशाना बनाया. इस बैग की चेन में लॉक नहीं लगा था. आरोपी ने बैग खोलकर उसमें रखी सोने की चेन और चांदी की पायल चोरी कर ली.
पहला मामला तब सामने आया जब अर्चना यादव बीते 19 जुलाई को अहमदाबाद से इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E6805 से वाराणसी पहुंचीं. घर पहुंचकर बैग खोला तो उसमें रखी गोल्ड चेन और पायल गायब मिली. उन्होंने फूलपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई. इसी तरह शिवम सिंह ने बीते 15 जुलाई को शिकायत दी कि वह इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E6179 और 6E6232 से चंडीगढ़ से दिल्ली होते हुए वाराणसी आए थे. यात्रा के दौरान उनके नीले ट्रॉली बैग से दो जोड़ी कान के आभूषण और मंगलसूत्र गायब हो गए थे. दोनों शिकायतों के आधार पर फूलपुर थाने में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की.
इसे भी पढ़ें- बाबा’राज’ में ब्राह्मणों पर ‘बेलगाम’ जुल्म! सपा ने ठाकुरों पर ब्राम्हणों के ऊपर जानलेवा हमला कराने का लगाया आरोप, CM योगी को घेरा
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ऐसे बैग तलाशता था, जिनकी चेन खुली हो या लॉक न लगा हो. यात्रियों के सामान की आवाजाही पर नजर रखने के बाद वह मौका मिलते ही बैग खोलकर कीमती सामान निकाल लेता था. इस तरह यात्रियों को चोरी का पता भी तत्काल नहीं चलता था. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक पीली धातु की चेन, एक पीली धातु का मंगलसूत्र, चार पीली धातु के कान के झुमके और 400 रुपये नकद बरामद किए हैं. बरामद ज्वैलरी की अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है. बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है.


