लखनऊ. उत्तर प्रदेश में शारदीय नवरात्र के पहले दिन देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. मिर्जापुर के विंध्याचल धाम में सुबह 8:30 बजे तक करीब 3 लाख भक्त मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर चुके थे. यहां एक किलोमीटर लंबी कतार लगी है. वाराणसी के दुर्गाकुंड मंदिर में भी इतनी ही लंबी लाइन लगी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर के देवीपाटन मंदिर में मां पाटेश्वरी की पूजा-अर्चना की. उन्होंने गायों को गुड़ खिलाया और बच्चों को चॉकलेट बांटी. इसके बाद वह गोरखपुर में कलश स्थापना करेंगे.
इसे भी पढ़ें- यूपी चुनाव से पहले जयंत चौधरी का मास्टरस्ट्रोक! नूरपुर रैली में PM मोदी को बुलाने की तैयारी
विंध्याचल से वाराणसी तक लंबी कतारें
विंध्याचल धाम में दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. शाहजहांपुर की ज्योति गुप्ता ने परिवार के साथ मां विंध्यवासिनी के दर्शन किए. उन्होंने कहा कि मां से जब भी मन्नत मांगी, वह पूरी हुई. अब उनकी कामना है कि मां उनके परिवार पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें. वाराणसी के दुर्गाकुंड मंदिर में भी भक्तों की भारी भीड़ है.
देवीपाटन में योगी ने की पूजा-अर्चना
सीएम योगी ने बलरामपुर स्थित देवीपाटन मंदिर में मां पाटेश्वरी के दर्शन-पूजन किए. पूजा के बाद उन्होंने गाय को गुड़ खिलाया और बच्चों को चॉकलेट बांटी। गोरखपुर के गोलघर काली मंदिर में भी भक्तों ने मां काली को नारियल और चुनरी चढ़ाकर आशीर्वाद मांगा.
गाजियाबाद, अलीगढ़ और झांसी में भी भीड़
गाजियाबाद के सीकरी मंदिर में दर्शन के लिए कतार लगी है. अलीगढ़ के नौ देवी मंदिर में सुबह से श्रद्धालु पूजा कर रहे हैं. मान्यता है कि यहां सदियों पहले मां दुर्गा स्वयं प्रकट हुई थीं. आजमगढ़ के करीब 200 साल पुराने दक्षिण मुखी मंदिर में भी दूर-दूर से भक्त पहुंचे हैं. झांसी के पंचकुइयां मंदिर में महिलाएं एक किलोमीटर लंबी लाइन में लगकर जल चढ़ा रही हैं. देवरिया के देवरही मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगी है.
इसे भी पढ़ें- यूपी में बाढ़ से हाहाकार: लखनऊ में 12वें दिन बढ़ा गोमती का जलस्तर, एक हफ्ते तक बारिश नहीं
विंध्याचल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
विंध्याचल मेला क्षेत्र को एक सुपर जोन, 10 जोन और 21 सेक्टर में बांटा गया है. सुरक्षा के लिए दो कंपनी पीएसी, एक कंपनी आरएएफ, एसडीआरएफ, फ्लड पीएसी और एटीएस तैनात हैं. निगरानी के लिए 222 सीसीटीवी कैमरे और चार ड्रोन लगाए गए हैं. दमकलकर्मी, बम निरोधक दल, चेन स्नेचिंग रोकने वाली टीम, क्रेन, मेटल डिटेक्टर, होमगार्ड और पीआरडी जवान भी तैनात हैं.

