लखनऊ. उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव फरवरी-मार्च 2027 में होने की संभावना है. इससे पहले बड़ी संख्या में मतदाता अपने वोटर आईडी कार्ड यानी ईपीआईसी (EPIC) का इंतजार कर रहे हैं. अब उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अधिकृत एक्स हैंडल से इस बारे में जानकारी दी गई है. पोस्ट में कार्ड मिलने की समयसीमा बताई गई है. साथ ही, देरी के लिए खेद जताया गया है.
इसे भी पढ़ें- यूपी एमएलसी चुनाव: आज शाम थम जाएगा प्रचार, 11 सीटों पर BJP-सपा में कांटे की टक्कर
नवंबर के अंत तक मिलेंगे पुराने आवेदकों को कार्ड
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के एक्स हैंडल पर साझा पोस्ट के मुताबिक, जिन मतदाताओं के नाम जुलाई 2026 के अंत से पहले वोटर लिस्ट में दर्ज हो गए थे, उन्हें नवंबर के अंत तक ईपीआईसी कार्ड मिल जाएगा. कार्ड स्पीड पोस्ट के जरिए भेजे जाएंगे. ऐसे मतदाताओं को अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
टेंडर में देरी से अटकी छपाई
पोस्ट में बताया गया है कि ईपीआईसी कार्ड मिलने में देरी प्रिंटिंग फर्मों के चयन से जुड़ी नई निविदा प्रक्रिया के कारण हुई. टेंडर को अंतिम रूप देने में देरी हुई, जिससे कार्डों की छपाई और वितरण प्रभावित हुआ. निर्वाचन अधिकारी की ओर से इस देरी पर खेद भी जताया गया है.
अगस्त से अक्टूबर तक नाम जुड़वाने वालों को 31 दिसंबर तक इंतजार
जिन मतदाताओं के नाम अगस्त, सितंबर और अक्टूबर 2026 में वोटर लिस्ट में दर्ज हुए हैं, उन्हें 31 दिसंबर तक ईपीआईसी कार्ड मिलने की जानकारी दी गई है. कार्ड डाक के माध्यम से भेजे जाएंगे. मतदाताओं को सलाह है कि वे वोटर लिस्ट में अपना नाम और दर्ज विवरण जरूर जांच लें.
इसे भी पढ़ें- देवरिया में झोपड़ी में लगी आग, ससुर-दामाद और 3 साल के नाती की जिंदा जलकर मौत
4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम वोटर लिस्ट
इस बीच, उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) का कार्यक्रम भी घोषित किया गया है. इसके तहत पोलिंग बूथों का युक्तिकरण और पुनर्गठन दो नवंबर तक पूरा होगा. ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 12 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी. नाम जोड़ने, हटाने या विवरण में सुधार के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी. इनका निपटारा 28 दिसंबर तक किया जाएगा. इसके बाद अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी 2027 को जारी होगी. इस प्रक्रिया में एक जनवरी 2027 को पात्रता तिथि माना गया है.

