सतीश सिंह, बलिया. उत्तर प्रदेश सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने वक्फ बोर्ड के पुनर्गठन को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के नए वक्फ बोर्ड में दो गैर-मुस्लिम सदस्यों को शामिल किया जाएगा. इसके साथ ही महिलाओं को भी बोर्ड में प्रतिनिधित्व दिया जाएगा.
मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि वक्फ बोर्ड के पुनर्गठन का उद्देश्य इसे अधिक समावेशी, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है. नई व्यवस्था में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर सरकार विशेष जोर दे रही है. उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का निर्णय उन्हें निर्णय प्रक्रिया में ज्यादा प्रतिनिधित्व देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. साथ ही दो गैर-मुस्लिम सदस्यों को शामिल किए जाने से बोर्ड के कामकाज में व्यापक दृष्टिकोण और पारदर्शिता आएगी.
इसे भी पढ़ें : त्यागपत्र को लेकर उनके मन में… चंपत राय के इस्तीफे को लेकर गोविंद देव गिरि का बड़ा बयान, जानिए राम मंदिर के कोषाध्यक्ष ऐसा क्या कहा?
मंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश में वक्फ बोर्ड के नए स्वरूप को लेकर राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं तेज हो गई हैं. सरकार का कहना है कि पुनर्गठित वक्फ बोर्ड सभी संबंधित पक्षों की भागीदारी के साथ बेहतर प्रशासन और वक्फ संपत्तियों के प्रभावी प्रबंधन की दिशा में काम करेगा.

