लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई की आहट के बीच बुधवार को पूर्वी यूपी के 41 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. सुबह लखनऊ के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई, जबकि कई इलाकों में बादल छाए रहे. मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से मानसून की वापसी शुरू हो सकती है. इस मानसूनी सीजन में प्रदेश में अब तक सामान्य से 6 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है.

इसे भी पढ़ें- त्योहारों पर जगमगाएगा यूपी! नहीं होगी बिजली कटौती, सरकार ने तैयार किया ‘फुलप्रूफ प्लान’

14 जिलों में आधी भी नहीं हुई बारिश

प्रदेश के 14 जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य कोटे के आधे तक भी नहीं पहुंच पाया है. देवरिया, कुशीनगर, शामली, गाजियाबाद और कानपुर देहात में सबसे कम बारिश हुई है. इन जिलों में सामान्य से 63 से 75 फीसदी तक कम बारिश दर्ज की गई है. इसके बावजूद पहाड़ी क्षेत्रों में हुई भारी बारिश का असर नदियों के जलस्तर और कटान के रूप में दिखाई दे रहा है.

सीतापुर में पुल डूबा, बच्चे पानी से होकर स्कूल पहुंचे

सीतापुर में चौका नदी पर बना पुल पानी में डूब गया है. इसके चलते बच्चों को घुटनों तक पानी से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है. गोंडा में घाघरा और सरयू नदी का जलस्तर घटने के बाद कटान तेज हो गया है. यहां एक महीने में 500 बीघे से ज्यादा जमीन नदी में समा चुकी है.

उन्नाव की गलियों में नाव, वाराणसी घाटों पर कीचड़

उन्नाव के कई इलाकों में जलभराव के कारण गलियों में नाव चलाने की नौबत बनी हुई है. वहीं वाराणसी में गंगा का जलस्तर घटने के बाद घाटों पर बड़ी मात्रा में कीचड़ जमा है. अस्सी घाट पर सफाई का काम पूरा कर लिया गया है. लखीमपुर खीरी में चारा लेने गए युवक पर अजगर के हमले की घटना भी सामने आई है.

इसे भी पढ़ें- आजमगढ़ में सिरफिरे पति का खौफनाक कदम: घर में पूजा करा रही पत्नी और दो पंडितों को मारी गोली

बंगाल की खाड़ी का सिस्टम फिर कराएगा बारिश

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के मुताबिक 21 सितंबर को राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो गई है. अब यूपी से मानसून की विदाई के लिए भी अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं. हालांकि, अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम के प्रभाव से 23 से 26 सितंबर के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में फिर बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार सिस्टम का असर धीरे-धीरे पश्चिमी यूपी तक पहुंचेगा.