उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में हुए बदलावों का जिक्र किया है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में 36 मेडिकल कॉलेजों वाला उत्तर प्रदेश आज 85 मेडिकल कॉलेजों तक पहुंच गया है. वहीं, MBBS सीटों की संख्या भी 4,690 से बढ़कर 13,600 के पार हो गई है. योगी ने आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत 10 करोड़ से अधिक प्रदेशवासियों के आच्छादन को स्वस्थ और सक्षम उत्तर प्रदेश की दिशा में अहम कदम बताया.

सीएम योगी ने एक्स पर लिखा कि ‘प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और अंत्योदय के संकल्प के साथ प्रदेश की डबल इंजन की भाजपा सरकार ने वर्ष 2017 से पहले की स्वास्थ्य क्षेत्र की लचर व्यवस्था को पीछे छोड़ते हुए उत्तर प्रदेश को स्वस्थ, सक्षम और आत्मनिर्भर प्रदेश बनाने की दिशा में निर्णायक गति से कार्य किया है. इस परिवर्तन का सबसे बड़ा प्रमाण है कि जिस उत्तर प्रदेश की पहचान कभी वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया से होती थी, वही उत्तर प्रदेश आज वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज के संकल्प के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रहा है.’

इसे भी पढ़ें : UP Teacher/Staff Recruitment: शिक्षा विभाग में 17,000+ पदों पर निकली मेगा भर्ती, इस दिन से शुरू होंगी परीक्षाएं

उन्होंने आगे लिखा कि ‘जहां प्रदेश में वर्ष 2017 में मेडिकल कॉलेजों की संख्या मात्र 36 थी, वहीं आज यह बढ़कर 85 हो गई है. साथ ही, एमबीबीएस की सीटें 4,690 से बढ़कर 13,600 से अधिक हो चुकी हैं. इससे एक ओर युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़े हैं, वहीं दूसरी ओर आमजन के लिए घर के निकट गुणवत्तापूर्ण उपचार की सुविधा का विस्तार हुआ है.’

मुख्यमंत्री ने आगे लिखा कि ‘आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान से आच्छादित 10 करोड़ से अधिक प्रदेशवासी आज गंभीर बीमारी के उपचार के भारी खर्च की चिंता से मुक्त होकर बेहतर स्वास्थ्य, सम्मान और गरिमा के साथ जीवन यापन कर रहे हैं. उपचार की विवशता से स्वास्थ्य सुरक्षा के विश्वास तक, यही स्वस्थ उत्तर प्रदेश की नई पहचान है.’