फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद जिले के पल्ला थाना क्षेत्र स्थित इस्माइलपुर में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज स्थानीय लोगों ने देर शाम सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) पर एक महिला ने अभद्र व्यवहार और गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया, जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ। हालांकि जेई ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

चार दिन से बिजली गुल, लोगों की बढ़ी परेशानी

स्थानीय निवासी महरपाल ने बताया कि लगातार बारिश के बावजूद पिछले चार दिनों से क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति बाधित है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। बिजली नहीं होने से पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है, जिससे लोगों को पीने का पानी तक खरीदना पड़ रहा है। वहीं, गर्मी और उमस के कारण बच्चों की पढ़ाई और नींद भी प्रभावित हो रही है।

जेई पर महिला ने लगाए गंभीर आरोप

सड़क जाम की सूचना मिलने पर बिजली विभाग के जेई शिवकुमार मौके पर पहुंचे। इसी दौरान एक महिला ने आरोप लगाया कि जेई ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और गलत तरीके से छुआ। आरोप लगते ही मौके पर मौजूद महिलाओं ने जेई का विरोध शुरू कर दिया और धक्का-मुक्की करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। हालांकि, जेई शिवकुमार ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वह केवल लोगों की बिजली संबंधी शिकायतें सुनने और समाधान के लिए मौके पर पहुंचे थे। उनके मुताबिक, गुस्से में लोगों ने उन पर झूठे आरोप लगाए।

जेई को घेरकर कार्रवाई की मांग

जब पुलिस जेई को सुरक्षित बाहर ले जाने लगी तो प्रदर्शनकारी महिलाओं ने उन्हें घेर लिया। महिलाओं का कहना था कि जब तक जेई के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी और इलाके की बिजली बहाल नहीं की जाएगी, तब तक उन्हें वहां से जाने नहीं दिया जाएगा।

कई घंटे बाद खुला जाम

घटना की सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कई घंटे की मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया। बिजली आपूर्ति जल्द बहाल कराने के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क से जाम हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

पुलिस का बयान

पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि बिजली कटौती से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और जाम खुलवाया। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग की टीम क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल करने का कार्य कर रही है। वहीं, महिला द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में पुलिस मामले की जांच कर रही है।