भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर के एक बयान ने भारतीय राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी फोरम (USISPF) लीडरशिप समिट में गोर ने दावा किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना करीबी मित्र मानते हैं और भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

गोर ने एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया कि मियामी में आयोजित यूएफसी इवेंट के दौरान ट्रंप ने उनसे कहा, “चलो प्रधानमंत्री मोदी को फोन करते हैं।” जब उन्होंने याद दिलाया कि भारत में सुबह के 6 बजे हैं, तो ट्रंप ने जवाब दिया, “वह उठ जाएंगे, वह मेरे जैसे हैं।” हालांकि फोन अगले दिन किया गया, लेकिन गोर के मुताबिक यह घटना दोनों नेताओं के व्यक्तिगत संबंधों को दर्शाती है।

कांग्रेस का पलटवार, पवन खेड़ा ने साधा निशाना

अमेरिकी राजदूत के इस बयान के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर हमला बोल दिया। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गोर का वीडियो साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी से कई सवाल पूछे।

खेड़ा ने लिखा कि क्या प्रधानमंत्री मोदी भी सुबह 6 बजे ट्रंप को बिना सूचना फोन कर सकते हैं और उसी तरह जवाब की उम्मीद कर सकते हैं? उन्होंने स्वयं ही इसका जवाब देते हुए कहा कि ऐसा संभव नहीं है।

‘दोस्ती नहीं, असमान रिश्ते’ का आरोप

पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि यदि दोनों नेताओं के संबंध बराबरी के होते, तो ऐसी स्थिति नहीं बनती। उन्होंने कहा कि यह मित्रता नहीं बल्कि एकतरफा संबंध है, जिसमें भारत के प्रधानमंत्री को बराबरी का दर्जा नहीं मिलता। कांग्रेस नेता ने इसे “दोस्ती का ढोंग” और “धोखा” करार दिया।

भारत-अमेरिका साझेदारी पर गोर का बड़ा संदेश

अपने संबोधन में सर्जियो गोर ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप भारत का बेहद सम्मान करते हैं और अक्सर भारत से जुड़े अपने अनुभवों का जिक्र करते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की सरकारें व्यापार, निवेश, रक्षा और अत्याधुनिक तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर काम कर रही हैं। गोर के अनुसार, ट्रंप और मोदी के बीच व्यक्तिगत विश्वास दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देता है। उन्होंने दोहराया कि अमेरिका भारत के साथ दीर्घकालिक और मजबूत संबंध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m