अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापार समझौते को लेकर चल रही बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने कनाडाई सामान पर नया 50 प्रतिशत टैरिफ लागू कर दिया है। इससे दोनों पड़ोसी देशों के बीच पहले से तनावपूर्ण रिश्तों में और खटास आने की आशंका है।
कनाडा पर अमेरिका का 50% टैरिफ
न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक, अमेरिका ने 20 अरब डॉलर से अधिक के कनाडाई सामान पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया है। दोनों देशों के अधिकारियों के बीच अंतिम दौर की बातचीत के बावजूद ट्रेड डील पर सहमति नहीं बन सकी।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने कहा कि कनाडा ने इस सप्ताह तय शर्तों के तहत समझौते को अंतिम रूप देने से इनकार कर दिया। उनके मुताबिक, अमेरिका ने कनाडा को अपने बाजार में बड़े निर्यातकों के बीच सबसे बेहतर शर्तें देने की पेशकश की थी, लेकिन कनाडा की नई मांगों से बातचीत का संतुलन बिगड़ गया।
मार्क कार्नी ने जताई नाराजगी
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि हाल के हफ्तों में अमेरिका के साथ बातचीत में काफी प्रगति हुई थी, लेकिन यह कनाडा के हितों और लक्ष्यों को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं थी।
कार्नी ने अमेरिकी टैरिफ के जवाब में डॉलर-फॉर-डॉलर जवाबी टैरिफ लगाने की बात कही। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिका की प्रस्तावित शर्तों में आखिरी समय पर किए गए बदलाव अनुचित और आर्थिक रूप से नुकसानदेह थे।
कमजोर हो सकते हैं अमेरिका-कनाडा संबंध
ट्रंप की टैरिफ नीति पहले ही दोनों देशों के रिश्तों पर दबाव बढ़ा चुकी है। NATO सहयोग, चीन के साथ व्यापार और आर्थिक नीतियों को लेकर भी दोनों के बीच मतभेद सामने आए हैं। ऐसे में नए 50% टैरिफ और कनाडा के जवाबी कदम से अमेरिका-कनाडा ट्रेड वॉर और तेज होने की आशंका है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

