देहरादून. उत्तराखंड लोकभवन में सोमवार को बड़ा बदलाव हुआ है. पूर्व सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन को नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है. मध्य प्रदेश बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के निवर्तमान राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह की जगह ली है.

डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को पिपरिया गांव में हुआ. उनके पिता का नाम सेवाराम बिसेन और माता का नाम सोनाबाई बिसेन था. उनकी पत्नी का नाम भानुमती बिसेन है. मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के रहने वाले ढाल सिंह बिसेन महाकौशल क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिया रहे. राजनीति के अलावा वे चिकित्सा व्यवसाय और कृषि से भी जुड़े रहे हैं. उन्होंने रायपुर के छत्तीसगढ़ आयुर्वेदिक कॉलेज से चिकित्सा से संबंधित शिक्षा प्राप्त की है. लोकसभा के आधिकारिक परिचय के अनुसार उनकी शैक्षिक योग्यता एवीएमएस और डीएचबी है.

इसे भी पढ़ें : MP के नेता को बड़ी जिम्मेदारी! ‘ढाल सिंह बिसेन’ बने उत्तराखंड के राज्यपाल, 5 अन्य राज्यों के गवर्नर भी तय

डॉ. बिसेन का राजनीतिक सफर 1990 में शुरू हुआ. जब वे पहली बार मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य चुने गए. इसके बाद 1993, 1998 और 2003 में भी उन्होंने चुनाव जीता. वह राज्य सरकार में वन, परिवहन, खनिज संसाधन, स्कूल शिक्षा और जेल जैसे विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. इसके अलावा वे मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष भी रहे. 2019 में बीजेपी ने उन्हें बालाघाट लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा. यहां से जीतकर वे 16वीं लोकसभा के सदस्य बने.