कुंदन कुमार, पटना। वैशाली नाव हादसे की घटना के बीच केंद्रीय मंत्री और एलजेपी आर प्रमुख चिराग पासवान आज बुधवार (14 अक्टूबर) को दिल्ली से पटना पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि, इस दुखद घटना के बीच वह केंद्रीय कैबिनेट की बैठक को छोड़ बिहार आए हैं। वे हाजीपुर जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। गौरतलब है कि कल मंगलवार की रात 8:30 बजे नाव पलटने से 13 लोगों की मौत हो गई थी।

हाजीपुर के लिए रवाना हुए चिराग

चिराग पासवान ने कहा कि, इस सकंट और दुख की घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ है। भविष्य में कैसे परिस्थितियों को बेहतर किया जाए उसे दिशा में हम लोग कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि केंद्र और बिहार सरकार की ओर से पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा की गई है। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द तमाम सुविधाओं को प्रदान कराने की मांग की है, जिससे इन दुख की घड़ी में उन्हें बाकी चीजों की चिंता नहीं करनी पड़े।

चिराग ने कहा कि, अभी मैं उन परिवारों के बीच जा रहा हूं, मेरे संज्ञान में आया है कि ग्रामीणों के द्वारा नाव की मांग की गई थी। नाव क्यों नहीं दिया गया? यह जांच का विषय है। जांच में जो भी दोषी होंगे, उनके ऊपर कार्रवाई होगी।

‘इस तरह से हंगामा करना उचित नहीं’

वहीं, एसआईआर और सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देश भर में हो रहे विपक्ष के प्रदर्शन पर चिराग पासवान ने कहा कि, चुनाव आयोग स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है। विपक्ष को अगर शिकायत है, तो एक बार कम से कम चुनाव आयोग में जाकर उनके प्रतिनिधि मंडल अपने प्रश्नों का जवाब मांगना चाहिए। सड़क पर इस तरीके से हंगामा करना कहीं से भी उचित नहीं है।

‘सरकार के आंख में पानी नहीं, विपक्ष मर चुका’

वहीं, वैशाली नाव हादसे पर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, परसों भी इलाज कराने एक लोग जा रहे थे, वो डूबकर मर गए। हर दिन लोग मर रहे हैं। रूपौली में दो लोग मर गए। तो आज मैं जा रहा हूं राघोपुर, निश्चित रूप से चौदह परिवारों की मदद होगी, लेकिन सरकार की आंख में पानी ही नहीं है और विपक्ष मर चुका है और नई राजनीति करने वाला कहता है, वोट 30 साल से चोर को दिए हो तो मरोगे ना। तो ऐसी संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है, तो बिहार की स्थिति अच्छी नहीं है।

ये भी पढ़ें- वैशाली नाव हादसे में प्रशासन की बड़ी लापरवाही आई सामने! 13 मृतकों में एक परिवार के 7 बच्चे शामिल