Vaishali Boat Accident: वैशाली के राघोपुर में नाव पलटने की घटना पर वैशाली DM वर्षा सिंह का बयान सामने आया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि, घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन के द्वारा त्वरित रूप से कार्रवाई की जा रही थी। इस दौरान नदी से 13 शव बरामद किए गए हैं, जिसमें 9 शव बच्चियों के हैं और 4 बच्चे शामिल हैं, जो 15 वर्ष के नीचे के हैं। वहीं, 6 लोगों को यहां से बचा लिया गया है, जिनका इलाज NMCH में हो रहा है। इनमें 2 वयस्क और 4 बच्चे हैं। सभी सुरक्षित हैं।

नाव मालिक के खिलाफ होगी कार्रवाई

DM वर्षा सिंह ने बताया कि, जिस नाव के डूबने से यह दुखद हादसा हुआ, वो नाव निजी तौर पर पंजीकृत है। जिनके नाम से वह नाव है, उस संबंध में स्थानीय प्रशासन की रिपोर्ट आ चुकी है और इस संदर्भ में अग्रिम कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि, जिला प्रशासन की ओर से भी इस क्रम में पहले भी निर्देश दिए गए हैं कि सूर्यास्त के बाद नाव का परिचालन नहीं करना है। चाहें वो कोई भी नाव हो, निजी या सरकारी। इसके बावजूद ये घटना हुआ है। जिनकी नाव है, जो परिचालन कर रहे थे, निश्चित तौर पर उनके विरुद्ध कार्रवाई होगी।

दोषी अधिकारियों पर भी गिरेगी गाज

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, लेकिन जिनकी निगरानी करने की जिम्मेदारी थी, जो पदाधिकारी इसमें जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। अंचल अधिकारी और थानाध्यक्ष की मूल रूप से जिम्मेदारी है कि वो अपने तंत्र के माध्यम से और स्वयं पर्यवेक्षण करके इन चीजों को रोकेंगे। डीएम वर्षा सिंह ने साफ-साफ शब्दों में कहा कि, ये चूक है और इसमें कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि, वर्तमान में 8 नौकाएं SDRF की कार्यरत हैं। हम लोग यहां पर स्थानीय स्तर पर भी दो SDRF के स्टेशन बनाने जा रहे हैं।

रात को ही घटनास्थल पर पहुंची थी डीएम वर्षा सिंह

बता दें की घटना की सूचना मिलने के बाद डीएम वर्षा सिंह रात को ही घटना स्थल पर पहुंची थीं, जहां उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार के परिजनों से भी मुलाकात की। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला उनसे लिपटकर रोती हुई नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि घटना में मृतक बच्चे की मां डीएम वर्षा सिंह को देख उनसे लिपटकर रोने लगीं। हालांकि इस दौरान उन्हें विरोध का भी सामना करना पड़ा। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने डीएम के खिलाफ नारेबाजी भी की।

यह घटना नहीं, हत्या है- मनोज झा, राजद सांसद

वैशाली नाव हादसे की घटना पर राजनीतिक बयानबाजी भी जारी है। राजद सांसद मनोज कुमार झा ने राघोपुर में नाव पलटने की घटना पर कहा कि, यह प्राकृतिक घटना नहीं है, इसे हत्या की श्रेणी में रखना चाहिए। मानव निर्मित हत्या श्रृंख्ला बदस्तूर चल रही है। उन्होंने कहा कि, आज मुआवजे की घोषणा हुई है। कल बिसरा दिया जाएगा क्योंकि बिहार है। अन्य राज्यों की तुलना में हमारी तरफ जो दृष्टिकोण है, वो अभी भी औपनिवेशिक है। बता दें कि घटना पर दुख जताते हुए राज्य सरकार ने मृतक परिवार के परिजनों को 4-4 लाख और केंद्र सरकार ने 2-2 लाख मुआवजा देने का ऐलान किया है।

ये भी पढ़ें- गोपालगंज में गैस रिसाव होने से भीषण हादसा, 2 मासूम बच्चों की मौत, 17 लोग गंभीर रूप से झुलसे