सिद्धार्थ शरद, वैशाली। जिले के सदर थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव में बीती बुधवार की रात अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से एक घर को निशाना बनाते हुए बमबाजी की घटना को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि देर रात करीब 12:30 बजे के आसपास कुछ अज्ञात हमलावर विक्की मिश्रा के घर पहुंचे और उनके घर पर दो बम फेंके, जो जोरदार धमाके के साथ ब्लास्ट हो गए। वहीं, दो अन्य बम फट नहीं सके।

परिवार ने पुलिस को दी सूचना

रात में अचानक हुए तेज धमाके की आवाज सुनकर परिवार के लोगों को लगा कि शायद किसी वाहन का टायर फटा है, लेकिन सुबह जब घर के बाहर साफ-सफाई करने निकले तो वहां सुतली और बम से जुड़े संदिग्ध सामान पड़े मिले। इसके बाद परिवार के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी।

जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू कर दी। मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गए हैं।

परिवार में भय और दहशत का माहौल

इस घटना के बाद विक्की मिश्रा के परिवार में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी विक्की मिश्रा की दुकान पर कुछ अपराधियों ने हमला कर मारपीट की थी और दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब यह बड़ा सवाल है कि आखिर किस वजह से अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं? पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।

ये भी पढ़ें- शर्मनाक: महादलित बस्ती की 14 वर्षीय नाबालिग को बंधक बनाकर गैंगरेप, बुआ के साथ शौच के लिए गई थी पीड़िता