देश की सेना की कमान संभालने वाला हर अधिकारी अपने करियर का सबसे गौरवशाली पल जीता है, लेकिन नए सेना प्रमुख जनरल धीरज कुमार सेठ की बात ही कुछ और है. नए सेना प्रमुख ने गार्ड ऑफ ऑनर जैसे ऐतिहासिक मौके पर अपने उन संस्कारों को दर्शाया जिससे हर भारतीय खासकर मां-बाप का सर हमेशा फख्र से बुलंद रहेगा. गार्ड ऑफ ऑनर मिलने के बाद आर्मी चीफ जनरल धीरज सेठ ने सबसे पहले अपने रिटायर पिता लेफ्टिनेंट जनरल केएम सेठ को सैल्यूट कर उनका आशीर्वाद लिया.

एक ही परिवार की दो पीढ़ियां देश की सेना के शीर्ष पदों पर रहकर एक-दूसरे को सलामी देते हैं, तो यह पूरे देश के लिए सम्मान की बात होती है.
भारतीय आर्मी के नए सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने कार्यभार संभाल लिया है. राजधानी में एक समारोह के दौरान उन्हें बुधवार गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. बुधवार को सेना प्रमुख का पद औपचारिक रूप से संभालते ही नए सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने अपने पिता को सैल्यूट किया और फिर उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया. उन्होंने छोटे भाई रियर एडमिरल रविनीश सेठ की भी सलामी ली.
जनरल धीरज सेठ भारतीय सेना के 31वें आर्मी चीफ बने हैं. पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा, आज भारतीय सेना के 31वें थल सेना अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करना मेरे लिए गर्व और विनम्रता का क्षण है. जनरल सेठ ने 13 लाख सैनिकों वाली सेना की कमान संभाली है.

रक्षा मंत्रालय मुख्यालय में आयोजित समारोह में थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने प्रधानमंत्री व रक्षामंत्री द्वारा उन पर जताए गए विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया.
सेना प्रमुख ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की. थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने कहा कि मैं उन बहादुर सैनिकों को भी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान दिया.
समारोह का सबसे यादगार पल तब आया, जब उन्होंने सबसे पहले अपने पिता रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल के.एम. सेठ को सैन्य सलामी दी. इसके बाद उन्होंने झुककर पिता के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया. यह दृश्य वहां मौजूद सैन्य अधिकारियों और मेहमानों के लिए बेहद भावुक था.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

