सुमन चौहान, करनाल। दयाल सिंह कॉलेज करनाल में आज वन महोत्सव के उपलक्ष्य में सात दिवसीय विशेष पौधारोपण अभियान की शानदार शुरुआत हुई। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण को हरा-भरा बनाना और लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक करना है।
अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. राहुल रईया ने इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। उनके साथ जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव कुलबीर मलिक और कॉलेज प्राचार्या डॉ. आशिमा गक्खड़ ने भी कॉलेज परिसर में कई तरह के नए पौधे लगाए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि यह केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हम सबका सामूहिक कर्तव्य है। अगर हर नागरिक साल में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो हमारी आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध हवा और स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा।
कॉलेज की प्राचार्या ने अतिथियों का किया स्वागत
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. आशिमा गक्खड़ ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और बताया कि बढ़ते प्रदूषण से बचने का सबसे अच्छा तरीका ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाना है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपील की कि वे पौधे लगाने के साथ-साथ उनके बड़े होने तक उनकी पूरी देखभाल करें।
पर्यावरण की रक्षा करना हम सबका नैतिक दायित्व
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव कुलबीर मलिक ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हम सबका नैतिक दायित्व है। रेडक्रॉस सोसायटी हमेशा से समाज सेवा और पर्यावरण से जुड़े कामों में आगे रही है और आगे भी ऐसे कार्यक्रम होते रहेंगे।
पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर अधिक से अधिक पेड़ लगाने और पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया। यह पूरा आयोजन एक पेड़ माँ के नाम और हरित करनाल अभियान के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


