अहमदाबाद। गुजरात में सूरत के पास उदयपुर सिटी से आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आई है। ट्रेन की खिड़कियों पर पत्थर फेंककर शीशे तोड़ने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जो खुलासा किया, उसने सभी को हैरान कर दिया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने यह खतरनाक कृत्य किसी साजिश या दुश्मनी के तहत नहीं, बल्कि महज ‘मजे’ के लिए किया था।

उत्राण और सूरत स्टेशन के बीच हुई घटना

रेलवे पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 18 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे उत्राण और सूरत रेलवे स्टेशन के बीच घटित हुई। उदयपुर सिटी से सूरत की ओर आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 26904) जैसे ही उत्राण क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी पूर्वी दिशा की तरफ से अचानक ट्रेन पर पथराव शुरू हो गया।

खिड़कियों के शीशे टूटे, यात्री बाल-बाल बचे

पथराव के कारण ट्रेन के कोच C-6 की दो खिड़कियों के तीन भारी कांच टूट गए। यह पथराव सीट नंबर 40, 41, 42 और 60, 61, 62 के पास वाली खिड़कियों पर हुआ। इसके अलावा पैंट्री कार का शीशा भी क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए इस पथराव से ट्रेन के भीतर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री या रेलवे स्टाफ को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित रहे।

सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान

घटना की गंभीरता को देखते हुए रेलवे पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू की। रेलवे पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज के गहन विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और शुक्रवार शाम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को धर दबोचा।

कारखाने में करते थे काम

पकड़े गए आरोपियों की पहचान गोलू कुमार चौधरी (22 वर्ष), संदेश कुमार (18 वर्ष) और मंतोष मुखिया (18 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और पिछले दो वर्षों से सूरत में रेलवे ट्रैक के पास स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी का काम कर रहे थे।

रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 153 के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। यह धारा जानबूझकर ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालने से संबंधित है। पुलिस आरोपियों से आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें