नई दिल्ली: देश की प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस का स्लीपर वर्जन अब लंबी दूरी के यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा लेकर आने वाला है। भारतीय रेलवे रात के सफर को ज्यादा आरामदायक, सुरक्षित और तेज बनाने के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के नेटवर्क का विस्तार कर रहा है। रेलवे से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, देश के 9 प्रमुख रेल मार्गों पर वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस (Vande Bharat Sleeper Express) शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इनमें से कुछ रूटों पर अगस्त महीने से ट्रेन सेवाएं शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। वंदे भारत स्लीपर को खासतौर पर लंबी दूरी की रात्रिकालीन यात्रा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें यात्रियों को बेहतर आराम, आधुनिक सुविधाएं और तेज रफ्तार का अनुभव मिलने की उम्मीद है।
देश की पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को यात्रियों से मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद भारतीय रेलवे अब इसके नेटवर्क को तेजी से बढ़ाने की तैयारी में है। रेलवे लंबी दूरी और रात के सफर को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए 9 नए और व्यस्त रेल मार्गों पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें शुरू करने की योजना पर काम कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस जनवरी 2026 में हावड़ा और गुवाहाटी के बीच शुरू की गई थी। इसके बाद अब रेलवे का फोकस देश के प्रमुख महानगरों और बड़े शहरों के बीच तेज और आरामदायक कनेक्टिविटी बढ़ाने पर है। रेलवे बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए ट्रैक अपग्रेडेशन और अन्य तकनीकी कार्यों पर भी तेजी से काम कर रहा है। इसका उद्देश्य स्लीपर वंदे भारत ट्रेनों को अधिक रूटों पर संचालित करने के लिए जरूरी क्षमता तैयार करना है।
प्रस्तावित रूटों में देश के लगभग सभी बड़े महानगर और प्रमुख आर्थिक-परिवहन केंद्र शामिल हैं:
• दिल्ली – मुंबई
• मुंबई – बेंगलुरु
• नई दिल्ली – अहमदाबाद
• नई दिल्ली – हावड़ा
• नई दिल्ली – चेन्नई
• नई दिल्ली – सिकंदराबाद
• नई दिल्ली – पुणे
• मुंबई – अहमदाबाद
• नई दिल्ली – श्रीनगर
AC कोच में मिलेगा बिजनेस क्लास जैसा अनुभव
मुंबई-बेंगलुरु समेत अन्य प्रमुख रूटों के लिए ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच का आधिकारिक डिजाइन जारी किया गया है, जो यात्रियों को प्रीमियम और आधुनिक सफर का अनुभव देने के लिए तैयार किया गया है। वंदे भारत स्लीपर के एसी कोच का इंटीरियर किसी हवाई जहाज के बिजनेस क्लास जैसा डिजाइन किया गया है। इसमें बेहतर रोशनी, प्रीमियम फिनिशिंग और बर्थ के बीच जगह का बेहतर इस्तेमाल किया गया है, ताकि यात्रियों को लंबी यात्रा के दौरान ज्यादा आराम मिल सके। ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए हाईटेक वॉशरूम, रियल-टाइम सूचना डिस्प्ले सिस्टम और आसान चढ़ने-उतरने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पूरी ट्रेन में सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एडवांस्ड सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे 24 घंटे निगरानी रखी जा सकेगी।
दक्षिण भारत के यात्रियों को मिलेगा तेज और आरामदायक सफर का विकल्प
दक्षिण भारत, खासकर आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के यात्रियों के लिए रेलवे बड़ी सुविधा की तैयारी कर रहा है। नई दिल्ली और सिकंदराबाद के बीच पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस शुरू होने जा रही है। इससे लंबी दूरी की रात की यात्रा करने वाले यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस एक नया विकल्प मिलेगा। फिलहाल नई दिल्ली-सिकंदराबाद रूट पर राजधानी एक्सप्रेस सबसे प्रीमियम ट्रेनों में शामिल है, लेकिन इसमें भी यात्रा में काफी समय लगता है। वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस शुरू होने के बाद इस रूट पर सफर का समय कम होने की उम्मीद है। रेलवे की इस नई ट्रेन से खासतौर पर उन यात्रियों को राहत मिल सकती है, जो रात के सफर के लिए टिकट की लंबी वेटिंग लिस्ट का सामना करते हैं। स्लीपर वर्जन में आरामदायक बर्थ, आधुनिक सुविधाएं और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का उद्देश्य देश के प्रमुख शहरों के बीच तेज और सुविधाजनक कनेक्टिविटी बढ़ाना है। नई दिल्ली-सिकंदराबाद रूट पर इसके संचालन से उत्तर और दक्षिण भारत के बीच रेल यात्रा को नई गति मिलने की उम्मीद है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

