राजधानी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर (social media influencer) से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि दुष्कर्म के बाद आरोपी ने अपने भाई और जीजा के साथ मिलकर उस पर जबरन धर्मांतरण (religious conversion) का दबाव बनाया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर बुराड़ी थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर से दुष्कर्म और जबरन धर्मांतरण के दबाव के मामले में पीड़िता ने 11 मई को पुलिस मुख्यालय में शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर बुराड़ी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, 36 वर्षीय पीड़िता अपने पति और 15 वर्षीय बेटी के साथ बुराड़ी इलाके में रहती है। वह सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर है और घर पर बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड करती है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2022 में इंस्टाग्राम के जरिए सन्नी नाम के एक शख्स ने उससे संपर्क किया था। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। पीड़िता ने अपनी शिकायत में आगे की घटनाओं को लेकर आरोपी और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपों की जांच की जा रही है।

पीड़िता ने बताया कि सन्नी सितंबर 2022 में उससे मिलने बुराड़ी आया। उसने पीड़िता को होटल में रील शूट करने के बहाने बुलाया और रेप किया। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को ब्लैकमेल कर कई बार रेप किया। इस बीच पीड़िता को मालूम हुआ कि आरोपी का नाम शाकिब जरदारी है और वह अमरोहा का रहने वाला है। इसके बाद पीड़िता ने आरोपी से दूरी बनानी शुरू कर दी।

धर्म परिवर्तन कराने के लिए मदरसे में लेकर गए

सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर से दुष्कर्म के मामले में पीड़िता ने आरोपी शाकिब और उसके रिश्तेदारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि शाकिब से दूरी बनाने के बाद उसके जीजा उस्मान और भाई अफरोज ने उसे फोन करना शुरू किया। शिकायत के अनुसार, पीड़िता को धमकी दी गई कि अगर उसने उनकी बात नहीं मानी तो उसका वीडियो उसके पति के मोबाइल पर भेज दिया जाएगा। आरोप है कि इसके बाद उसे बुराड़ी स्थित एक मदरसे में मिलने के लिए बुलाया गया।

पीड़िता ने बताया कि वहां मौजूद एक हाफिज ने धर्म परिवर्तन कराने पर 5.50 लाख रुपये देने की बात कही। इसके अलावा पूरे परिवार के धर्म परिवर्तन पर बड़ी रकम देने का प्रस्ताव भी रखा गया। शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में शाकिब, उस्मान और अफरोज उस पर बेटी समेत धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने लगे। इसके बाद उसने अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी।

पीड़िता के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद वह करीब तीन साल तक आरोपियों से दूर रही। आरोप है कि इस दौरान भी आरोपी उससे संपर्क करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने की कोशिश करते रहे। शिकायत में पीड़िता ने बताया कि इस साल 5 मई को आरोपियों ने उसके पति के मोबाइल फोन पर आपत्तिजनक पोस्ट भेज दिया। इसके बाद पति ने उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस के पास पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m