वाराणसी. पवित्र श्रावण मास का आज पहला सोमवार है. देशभर के शिवालयों में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ रहा है. इसी कड़ी में वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में भी हजारों की संख्या में भक्त बाबा के दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं. इसी बीच ठगी का एक मामला सामने आया. जिसमें एक व्यक्ति ने दर्शन के नाम बाहर से आए लोगों से पैसे ऐंठ लिए.
दरअसल, एक शख्स ने नकली पुजारी बनकर एक श्रद्धालु से दर्शन के नाम पर 4000 रुपये वसूल लिए. महिला और उसके परिजन कर्नाटक के मैसूर से बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए यहां पहुंचे थे. स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी गई. जिसके बाद थानाध्यक्ष (SHO) शिवकांत मिश्रा ने इस प्रकरण में हस्तक्षेप किया. जिसके बाद नकली पुजारी बने शख्स ने श्रद्धालु के पैसे वापस कर दिए.
इसे भी पढ़ें : श्रावण के पहले सोमवार शिवमय हुआ UP, काशी विश्वनाथ धाम में पुष्पवर्षा से हुआ श्रद्धालुओं का स्वागत
बता दें कि इस मामले को लेकर पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मंदिर में वीआईपी या सुगम दर्शन के नाम पर बाहर घूमने वाले किसी भी बिचौलिये या फर्जी पंडे-पुजारी को पैसे न दें. इसके लिए आधिकारिक काउंटर की व्यवस्था है. सुगम दर्शन के लिए केवल मंदिर के आधिकारिक टिकट काउंटर या Official Portal का ही उपयोग करें.


