सत्या राजपूत, रायपुर। छत्तीसगढ़ वि.बी.-जी.राम-जी (मनरेगा) कर्मचारी महासंघ ने गुरुवार को शुरू होने से पहले ही हड़ताल को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। यह निर्णय उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा और मनरेगा आयुक्त के साथ हुई सकारात्मक चर्चा के बाद लिया गया। सरकार ने 15 दिनों के भीतर HR पॉलिसी, ग्राम रोजगार सहायकों की संविदा व्यवस्था, वेतन वृद्धि समेत विभिन्न प्रमुख मांगों पर कार्यवाही का आश्वासन दिया है। वहीं महासंघ ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित करने के लिए लल्लूराम डॉट कॉम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपकी सहयोग से हमारी आवाज शासन तक पहुंची, जिसके परिणामस्वरूप मांगों को लेकर बैठक आयोजित हुई। बता दें कि कर्मचारी महासंघ ने 2 से 4 जुलाई तक प्रदेशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया था।

क्या हुआ बैठक में

बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री ने महासंघ की मांगों पर सकारात्मक सहमति व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि आगामी 15 दिनों के भीतर HR Policy, ग्राम रोजगार सहायक संविदा, वेतन वृद्धि एवं अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर निर्णायक कार्यवाही की जाएगी। वहीं मनरेगा आयुक्त ने भी इन विषयों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय होने का विश्वास दिलाया तथा VB-GRAM-G योजना के सफल शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए निकट भविष्य में विभागीय स्तर पर महासंघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ पुनः विस्तृत चर्चा करने की सहमति प्रदान की।

narayana

महासंघ ने इस सकारात्मक पहल का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी जिला एवं ब्लॉक अध्यक्षों, कार्यकारी अध्यक्षों, ग्राम रोजगार सहायकों, कार्यालयीन कर्मचारियों, की एकजुटता, अनुशासन और निरंतर संघर्ष का परिणाम है।

इस दौरान महासंघ ने शासन से प्राप्त सकारात्मक आश्वासन और आगामी विभागीय चर्चा को दृष्टिगत रखते हुए प्रस्तावित प्रदेशव्यापी सांकेतिक हड़ताल को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने की घोषणा की है।

महासंघ ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि कर्मचारियों की मांगों की पूर्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक पड़ाव है। संगठन को विश्वास है कि शासन अपने आश्वासनों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा। यदि भविष्य में आवश्यकता पड़ी तो महासंघ सभी साथियों के साथ विचार-विमर्श कर आगामी रणनीति की घोषणा करेगा।

महासंघ ने सभी कर्मचारियों से संगठन की एकता, अनुशासन एवं विश्वास बनाए रखने की अपील करते हुए उनके सहयोग, धैर्य और समर्पण के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

अध्यक्ष ने लल्लूराम डॉट कॉम का जताया आभार

महासंघ के अध्यक्ष अजय क्षत्री ने लल्लूराम डॉट कॉम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान ने हमारी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि आपके सहयोग और लगातार खबरों को प्रमुखता देने का असर हुआ कि सरकार ने बैठक बुलाई और हमारी मांगों पर सकारात्मक सहमति बनी। इसके लिए हम लल्लूराम डॉट कॉम का हृदय से धन्यवाद करते हैं।