कल का दिन केरलम की राजनीति के लिए बड़ा दिन माना जा रहा है. कल सुबह 10 बजे कांग्रेस नेता वी डी सतीशन राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. उनके साथ 11 अन्य विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे. वीडी सतीशन ने रविवार शाम केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया और मंत्रियों की लिस्ट भी राज्यपाल को सौंपी. राज्य में लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) करीब एक दशक बाद सत्ता में लौटा है. सेंट्रल स्टेडियम में इस शपथ ग्रहण की तैयारियां जोर शोर से जारी हैं. यहां शपथ ग्रहण समारोह के लिए एक विशाल मंच तैयार किया जा रहा है.

स्टेडियम में शपथग्रहण के दौरान हजारों पार्टी कार्यकर्ता, राष्ट्रीय राजनीतिक हस्तियों एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों के लिए बैठने की व्यवस्था की जा रही है. साथ ही इस दौरान बारिश से बचाव के इंतजाम भी किये जा रहे हैं. सोमवार सुबह होने वाले इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम से पहले समूचे तिरुवनंतपुरम में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है.

कौन-कौन रह सकता है शपथ ग्रहण में?

समर्थकों का कहना है कि यह जनादेश परिवर्तन को लेकर लोगों की मजबूत आकांक्षा को दर्शाता है. कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस शासित और पड़ोसी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा गया है. राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और मल्लिकार्जुन खरगे सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के भी शपथग्रहण में उपस्थित रहने की उम्मीद है. सभी 140 विधायकों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है. सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसफ विजय कार्यक्रम में शामिल होंगे या नहीं. कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि उन्हें पहले ही आमंत्रित किया जा चुका है और कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति की पुष्टि रविवार को होने की उम्मीद है.

किन्हें मिली मंत्रिमंडल में जगह ?

सतीशन ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं रमेश चेन्निथला, के मुरलीधरन और सनी जोसेफ को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा. केरल की सत्ता पर 10 साल बाद काबिज होने जा रहे कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने वरिष्ठ विधायक थिरुवनचूर राधाकृष्णन को विधानसभा अध्यक्ष नामित करने का फैसला किया गया, जबकि शनिमोल उस्मान उपाध्यक्ष के रूप में कार्य करेंगे.

वीडी सतीशन का मंत्रिमंडल

  1. रमेश चेन्निथला
  2. पीसी विष्णुनाथ
  3. एम लिजू
  4. बिंदु कृष्णा
  5. ओजे जनीश
  6. सनी जोसेफ
  7. रोजी एम जॉन
  8. एपी अनिल कुमार
  9. केए तुलसी
  10. के मुरलीधरन
  11. टी सिद्दीकी

कई योग्य नेता मंत्रिमंडल से बाहर

सतीशन ने कहा कि कांग्रेस को 63 सीटें मिलने के बावजूद कई योग्य नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल सकी. उन्होंने इसे राज्य में पार्टी की सबसे बड़ी जीत में से एक बताया. उन्होंने कहा, ”सूची में शामिल और सूची से बाहर भी कई योग्य नेता हैं. लेकिन कांग्रेस जैसी पार्टी को ऐसे निर्णय लेते समय सामाजिक संतुलन, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और कई अन्य कारकों पर विचार करना होता है.” उन्होंने कहा कि गठबंधन सहयोगियों के बीच विभागों के आवंटन पर चर्चा लगभग पूरी हो चुकी है, केवल कुछ मामूली मामले लंबित है. अंतिम सूची औपचारिक रूप से राज्यपाल को प्रस्तुत की जाएगी और अनुमोदन के बाद आधिकारिक राजपत्र के माध्यम से अधिसूचित की जाएगी.

सरकार बनने के बाद होगा मंत्रिमंडल का विस्तार

सोमवार को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद विधानसभा अध्यक्ष सभी विधायकों को शपथ दिलाएंगे. इसके बाद सतीशन मंत्रिमंडल का बंटवारा करेंगे और इसका विस्तार भी इसी दौरान हो सकता है. विस्तार के दौरान कई अन्य विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है. केरल में कुल विधायकों की संख्या 140 है. ऐसे में अधिकतम 21 मंत्री हो सकते हैं. सतीशन समेत कुल 12 विधायकों को मंत्री बनाने का फैसला हो चुका है. ऐसे में 9 और विधायकों को भविष्य में मंत्री बनाया जा सकता है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m