दिलशाद अहमद, सूरजपुर। जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में उस समय एक बड़ा हादसा टल गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक बोलेरो वाहन में अचानक आग लग गई। घटना के वक्त वाहन के अंदर एक बच्चा मौजूद था, जिसे समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी बोलेरो जलकर खाक हो गई।

जानकारी के अनुसार, घटना सोनगरा बाजार के पास की है। बताया जा रहा है कि बोलेरो वाहन ग्राम चिकनी धरमपुर निवासी रामजीवन की थी। वाहन चालक बच्चे को गाड़ी में बैठाकर एसी चालू कर बाजार चला गया था। इसी दौरान अचानक वाहन से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में बोलेरो आग की लपटों में घिर गई।

narayana

आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में बैठे बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा वाहन जलकर राख हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।