शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरों और बदमाशों के हौसले कितने बुलंद है इसका जीता जागता उदाहरण तब देखने को मिला, जब उन्होंने पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी से ही मोबाइल और नगदी पार कर लिया। यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है, जिसके आधार पर अब पुलिस शातिर चोरों की तलाश में जुट गई है।

पढ़िए पूरी खबर

जानकारी के मुताबिक, पूरी घटना आजाद चौक साई मंदिर के सामने 10 सितंबर की बताई जा रही है। रायपुर कमिश्नरेट पश्चिम जोन के आजाद चौक थाना की पेट्रोलिंग वाहन से चोरों ने बेधड़क खुलेआम चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।

पेट्रोलिंग वाहन से हाथ साफ

बताया जा रहा है कि पूरे इलाके में ट्रैफिक का दबाव ज्यादा रहने के कारण पुलिस जवान रात करीबन 11 बजे गाड़ी को बीच सड़क में छोड़कर ट्रैफिक क्लियर कराने उतरे थे। इसी बीच शातिर चोरों ने मौका देखते ही पुलिस की ही पेट्रोलिंग वाहन से हाथ साफ कर दिया।

पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद

जानकारी मिली है कि चोरों ने पेट्रोलिंग वाहन से मोबाइल और 2-3 हजार नगदी के साथ गमछा पर हाथ साफ किया है। ये पूरी घटना मंदिर के ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। शातिर चोरों की तलाश की जा रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H