विक्की आर्या, सिरोंज (विदिशा)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के सिरोंज विधानसभा क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां मुरवास में संचालित एक मदरसे की 26 वर्षीय महिला शिक्षिका ने तीन मौलवियों पर यौन उत्पीड़न, जबरन छेड़छाड़ और भाई को जान से मारने की धमकी देने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए हैं। इस हाई-प्रोफाइल मामले में तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपी मौलवियों को दबोचकर कोर्ट में पेश कर दिया है। वहीं स्थानीय विधायक उमाकांत शर्मा ने इस पूरे मामले में प्रदेश स्तरीय जांच की मांग उठा दी है।
ये भी पढ़ें: PM की ड्रीम योजना पर अड़ंगा? ग्रामीणों के कब्जे से जमीन छुड़ाने गई पुलिस, महिला के टावर स्टंट से रुकी कार्रवाई
काम के बहाने बुलाया फिर किया यौन उत्पीड़न
यह पूरा शर्मनाक मामला मुरवास स्थित सिराज एजुकेशन मदरसे का है। पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में पीड़िता ने बताया कि मदरसे में ही कार्यरत मौलवी नसीर, अख्तर और जावेद लंबे समय से उस पर अश्लील टिप्पणियां कर रहे थे और अभद्र व्यवहार कर रहे थे।
घटना वाले दिन मुख्य आरोपी मौलवी नसीर ने काम के बहाने शिक्षिका को ऑफिस में बुलाया। जैसे ही वह अंदर पहुंची, नसीर ने उसके हाथ पकड़ लिए और वहां मौजूद अन्य दो मौलवियों यानि अख्तर और जावेद ने उसके साथ जबरन छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न की वारदात को अंजाम दिया।
“भाई को जान से मार देंगे…” धमकी के खौफ से चुप रही पीड़िता
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इस घिनौनी करतूत के बाद तीनों आरोपियों ने उसे मुंह बंद रखने के लिए धमकी दी थी। आरोपियों ने कहा था कि यदि उसने इस बारे में किसी को भी बताया या पुलिस में शिकायत दर्ज कराई तो वे उसके इकलौते भाई की हत्या कर देंगे। इस धमकी के डर से पीड़िता कुछ दिनों तक खौफ के साए में चुप रही लेकिन आखिरकार हिम्मत जुटाकर उसने पुलिस की शरण ली।
24 घंटे में सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी
शिकायत मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया और महज 24 घंटे के भीतर तीनों नामजद आरोपियों नसीर, अख्तर और जावेद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।
विधायक उमाकांत शर्मा की दोटूक: ‘अवैध हुआ मदरसा तो सीधे चले बुलडोजर जैसी कार्रवाई’
इस संवेदनशील मामले के सामने आने के बाद सिरोंज के विधायक उमाकांत शर्मा भी सख्त नजर आ रहे हैं। उन्होंने इस घटना की घोर निंदा करते हुए मध्य प्रदेश सरकार से प्रदेश स्तरीय उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
ये भी पढे़ं: बाप ने ही उजाड़ दिया बेटी का सुहाग: ससुर ने दामाद के साथ पी शराब, फिर गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी
उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए जो एक मिसाल बने। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन से यह भी जांच करने को कहा है कि यदि यह मदरसा नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से संचालित पाया जाता है तो इस पर भी तत्काल वैधानिक व जमींदोज करने जैसी कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

