न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पयारी नंबर-02 की जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब सड़क पर दिखाई देने लगा है। लंबे समय से सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग कर रहे ग्रामीणों ने जर्जर सड़क पर ही धान की रोपाई कर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि पयारी नंबर-02 की सड़क पूरी तरह मलबे, गड्ढों और कीचड़ में तब्दील हो चुकी है। इस मार्ग से आवागमन करने वाले ग्रामीणों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ता है, वहीं सड़क की बदहाल स्थिति के चलते दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।

READ MORE: तहसील ऑफिस के जमादार ने घर में कीटनाशक पीकर दी जान, उपचार के दौरान मौत; पत्नी बोली- कोई विवाद नहीं था    

बताया जा रहा है कि इसी मार्ग से आमाडांड़ ओपनकास्ट परियोजना में कार्यरत नीलकंठ प्राइवेट कंपनी जो कोयला परिवहन करने वाले भारी वाहन जो दिन-रात गुजरते हैं। लगातार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि जगह-जगह मलबा और गड्ढे नजर आते हैं।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार कॉलरी प्रबंधन, स्थानीय विधायक और प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन मिला। समस्या का स्थायी समाधान आज तक नहीं किया गया। 

बारिश के मौसम में सड़क पर कीचड़ और फिसलन के कारण स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों के मुताबिक, इस मार्ग से निकलना खतरे से खाली नहीं रहता। वहीं, बारिश खत्म होने के बाद भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क पर धूल के गुबार उड़ते हैं, जो आसपास के घरों में पहुंचने के साथ लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी परेशानी का कारण बन रहे हैं।

READ MORE: जनसुनवाई में अजीबो-गरीब नजारा: समाधान न मिलने पर जनसुनवाई कार्डों की ‘माला’ पहनकर पहुंचा पीड़ित, आंदोलन की दी चेतावनी

लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर धान की रोपाई कर जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि जब सड़क पहले से ही मलबे और कीचड़ से भरी हुई है और जिम्मेदार सड़क बनाने को तैयार नहीं हैं, तो क्यों न इसी सड़क पर धान की रोपाई कर फसल ही पैदा कर ली जाए। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि सड़क की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कर जल्द से जल्द इसका स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी और दुर्घटनाओं के खतरे से राहत मिल सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m