सुरेश पांडेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक अनोखा विरोध प्रदर्शन सामने आया है। वर्षों से सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं होने पर एक गांव के सरपंच पति कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर दंडवत लेट गए। उनका यह विरोध अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

READ MORE: भाई बना भाई का कातिल: मामूली विवाद में ले ली जान, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार  

सिंगरौली जिले के एकर क्षेत्र के ग्राम ओकवालाडाड, पोस्ट तियरा के ग्रामीणों की सड़क की मांग उस समय सुर्खियों में आ गई, जब नाराज सरपंच पति संजय कुमार वर्मा कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्य द्वार पर दंडवत लेटकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। विरोध की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, ज्ञापन लिया और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

READ MORE: अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर ने युवक को कुचला: मौत के बाद आक्रोशित भीड़ ने फूंका टैक्टर शव रखकर लगाया जाम 

ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में बताया कि गांव के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग 13 वर्ष पहले सड़क स्वीकृत हुई थी, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। बरसात में पूरा रास्ता कीचड़ से भर जाता है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। 

READ MORE: सड़क पर ‘इंसाफ’ या कानून हाथ में? बच्चे से छेड़छाड़ के आरोप में युवक की बीच सड़क पर पिटाई, Video वायरल

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो वे आमरण अनशन और धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इधर, मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने तत्काल जिला पंचायत सीईओ और जनपद सीईओ को फोन पर मौके का निरीक्षण कर सड़क निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। फिलहाल, कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर दंडवत लेटकर विरोध कर रहे सरपंच पति संजय कुमार वर्मा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m