० 40-50 किमी की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं, कई इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना
हरियाणा डेस्क। जून की शुरुआत में ही हरियाणा में मौसम ने करवट ले ली है। कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बीच अब बारिश, तेज आंधी और गरज-चमक लोगों को राहत देने वाली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 16 जिलों में मौसम खराब रहने का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी तेज हवाएं चल सकती हैं। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
इन 16 जिलों में अलर्ट
हिसार, फतेहाबाद, जींद, कैथल, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सिरसा, भिवानी, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला और यमुनानगर जिलों में मौसम विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
तापमान में गिरावट, लू से राहत
पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से बड़ी राहत मिली है। मौसम में आए बदलाव से वातावरण सुहावना होने की उम्मीद है।
किसानों के लिए फायदेमंद बारिश
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यह बारिश धान की रोपाई और अन्य खरीफ फसलों की तैयारी कर रहे किसानों के लिए लाभदायक साबित हो सकती है। हालांकि तेज हवाओं और खराब मौसम को देखते हुए किसानों को खेतों में सिंचाई और कृषि कार्य सावधानीपूर्वक करने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है। बिजली चमकने और तेज आंधी के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

