रांची। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड में साफ दिखाई दे रहा है। पिछले दो दिनों से राज्यभर में बारिश का सिलसिला जारी है। बुधवार को लगभग सभी जिलों में बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ। रांची में करीब 35 मिमी बारिश दर्ज की गई। शहर के कई हिस्सों में जलजमाव की स्थिति बनी, वहीं लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। करम पर्व के बीच हुई इस बारिश से अच्छी फसल की उम्मीद बढ़ गई है।
रांची का तापमान 7 डिग्री लुढ़का
बारिश के कारण रांची के अधिकतम तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं जमशेदपुर में 4.7, मेदिनीनगर में 4.1, बोकारो में 4.4 और चाईबासा में 3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज हुई।
आज इन 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।
इसके अलावा गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, लातेहार, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
25 सितंबर को इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 25 सितंबर को गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग और लातेहार में भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
धीरे-धीरे साफ होगा मौसम
रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में आज भी बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार साइक्लोनिक सर्कुलेशन के आगे बढ़ने के बाद आने वाले दिनों में झारखंड के कई इलाकों में मौसम धीरे-धीरे साफ होने की उम्मीद है।


