राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के चोपना थाना क्षेत्र में एक महिला की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पति सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान मिले सुसाइड नोट और व्हाट्सएप चैट के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने और दहेज प्रताड़ना के आरोप सामने आए हैं।
महिला का शव पेड़ पर लटका मिला था
जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई की सुबह ग्राम झोली-01 निवासी 40 वर्षीय अर्चना सरकार का शव पंचायत भवन परिसर में एक पेड़ से लटका मिला था। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की। सुसाइड नोट में मृतका ने अपनी बेटी के साथ दहेज को लेकर हो रही प्रताड़ना और परिवार के अपमान का उल्लेख किया था।
नवविवाहिता की मौत पर हंगामा! कुएं में गिरने से घायल महिला की मौत, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
मृतका की बेटी ने प्रेम विवाह किया था
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका की बेटी ने प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद पति और उसके परिजनों ने कार और तीन लाख रुपये नकद की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। पुलिस के अनुसार, गर्भावस्था के दौरान भी उसके साथ मारपीट की गई। जांच के दौरान पुलिस को व्हाट्सएप चैट भी मिली।
चैट को डिजिटल साक्ष्य माना गया
पुलिस के मुताबिक, पति ने पत्नी को संदेश भेजा था कि यदि वह ससुराल लौटना चाहती है तो पहले अपनी मां का अपमान कर उसका वीडियो भेजे। पुलिस का कहना है कि इस चैट को मामले में महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य माना गया है। पुलिस के अनुसार, इस घटना से आहत होकर अर्चना सरकार गहरे मानसिक तनाव में आ गईं और बाद में उन्होंने आत्महत्या कर ली। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पति, सास, ससुर और नंदोई को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


