सरोज कुमार गुप्ता, सीतामढ़ी। जिले में आज सोमवार (29 जून) को आकाशीय बिजली का तांडव देखने को मिला, जहां अलग-अलग स्थानों पर हुई तीन घटनाओं में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कुल 16 लोग झुलस गए। सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

सोनबरसा में 5 लोग झुलसे

पहली घटना सोनबरसा प्रखंड की घुरघुरा हनुमाननगर पंचायत के हनुमाननगर गांव में हुई। यहां खेत में मूंग तोड़ने के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे एक ही परिवार के पांच लोग इसकी चपेट में आ गए। घायलों में रेखा देवी (40), पूजा कुमारी (20), निशा कुमारी (18), सुभाष कुमार (13) और अनुष्का कुमारी (6) शामिल हैं। सभी राजेंद्र राउत के परिवार के सदस्य बताए गए हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

बोखड़ा थाने में तीन बच्चियां झुलसी

दूसरी घटना बोखड़ा थाना क्षेत्र के बनौल गांव में हुई। यहां बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन बच्चियां गंभीर रूप से झुलस गईं। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

बेला थाने में महिला की मौत, 8 लोग घायल

वहीं तीसरी और सबसे दर्दनाक घटना परिहार प्रखंड के बेला थाना क्षेत्र अंतर्गत नरगा गांव में हुई। धान रोपनी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से गीता देवी (38), पति राजनारायण पासवान की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में आठ अन्य लोग भी घायल हो गए। घायलों में फूलो देवी, मीना देवी, रिंकी पासवान, राजा राय, स्नेही राय, सोनमती देवी और राजनारायण राय सहित अन्य लोग शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

मौसम विभाग ने की सर्तक रहने की अपील

लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं के बाद जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि बारिश और गरज-चमक के समय खुले मैदान, पेड़ों के नीचे तथा बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। जिले में एक साथ हुई इन घटनाओं के बाद प्रभावित परिवारों में मातम और दहशत का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग मौसम को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

ये भी पढ़ें- बिहार के प्राचीन जलेश्वरनाथ महादेव मंदिर पर गिरी आकाशीय बिजली, क्षतिग्रस्त हुआ गुंबद, टला हादसा