कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एक महिला ने STF भोपाल में पदस्थ इंस्पेक्टर पर शादी का झांसा देकर करीब ढाई साल तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने इंस्पेक्टर आनंद कुमार के खिलाफ दुष्कर्म और धमकाने की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी इंस्पेक्टर वर्तमान में STF भोपाल में पदस्थ है और इससे पहले ग्वालियर के थाटीपुर थाने में SI के पद पर तैनात था।
महिला से शादी करने का भरोसा दिया
पीड़ित महिला के मुताबिक वर्ष 2022 में पति से पारिवारिक विवाद के चलते वह थाटीपुर थाने पहुंची थी,जहां उसकी मुलाकात तत्कालीन SI आनंद कुमार से हुई। आरोप है कि केस में मदद का भरोसा देकर आनंद ने उसका मोबाइल नंबर लिया और बातचीत शुरू कर दी। महिला का आरोप है कि 10 अक्टूबर 2022 की रात आनंद उसके थाटीपुर स्थित किराए के कमरे पर पहुंचा। यहां उसने अपनी पत्नी के कैंसर से पीड़ित होने और जल्द मौत हो जाने की बात कही और इसके बाद महिला से शादी करने का भरोसा दिया। आरोप है कि इसी झांसे में लेकर उसने दुष्कर्म किया।
STF इंस्पेक्टर आनंद कुमार के खिलाफ FIR
पीड़िता के मुताबिक इसके बाद भी आनंद लगातार उससे मिलता रहा और शादी का वादा कर उसका शोषण करता रहा। आरोप है कि उसने एक परिचित के मकान में महिला के लिए कमरा भी दिलाया और उसका किराया खुद देता रहा। महिला का आरोप है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने इनकार कर दिया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला थाना पुलिस ने STF इंस्पेक्टर आनंद कुमार के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस महिला के बयान, मोबाइल चैट और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

