Women’s Asia Cup 2026 Final: एसीसी वूमेन्स एशिया कप 2026 के फाइनल में आज भारत और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने हैं। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे इस खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम की नजरें रिकॉर्ड आठवें एशिया कप खिताब पर हैं। वहीं, श्रीलंका की टीम अपने खिताब का बचाव करने के इरादे से मैदान में उतरी है। दोनों टीमों ने टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है और एक भी मुकाबला नहीं गंवाया है।
भारत के लिए यह मुकाबला 2024 के फाइनल की यादें भी ताजा करेगा। पिछले संस्करण के खिताबी मुकाबले में श्रीलंका ने भारत को 8 विकेट से हराकर पहली बार महिला एशिया कप का खिताब अपने नाम किया था। ऐसे में भारतीय टीम के पास इस बार उस हार का बदला लेने का भी मौका है।
भारत और श्रीलंका के बीच यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से शुरू होगा। मुकाबले से पहले आइए पिच रिपोर्ट, हेड टू हेड आंकड़े और दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन समेत मैच से जुड़ी सभी अहम अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
लगातार 10वीं बार फाइनल में भारत

गौरतलब है कि भारतीय महिला टीम ने वूमेन्स एशिया कप के फाइनल में लगातार 10वीं बार जगह बनाई है। 2004 में टूर्नामेंट के पहले संस्करण से ही भारत हर बार खिताबी मुकाबले तक पहुंचा है।
भारत ने अब तक वनडे फॉर्मेट में चार और टी-20 फॉर्मेट में छह बार फाइनल खेला है। वनडे फॉर्मेट में भारतीय टीम ने अपने चारों फाइनल जीते हैं।
टी-20 फॉर्मेट में भारत ने 2012, 2016 और 2022 में खिताब अपने नाम किया, जबकि 2018 और 2024 में उसे उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा। श्रीलंका और बांग्लादेश भी एक-एक बार महिला एशिया कप का खिताब जीत चुके हैं।
शेफाली वर्मा पर रहेंगी नजरें

भारतीय टीम की बल्लेबाजी में शेफाली वर्मा ने अब तक सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। उन्होंने टूर्नामेंट में 168 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। वह इस प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज भी हैं।
दुबई की धीमी और स्पिन के अनुकूल पिचों पर शेफाली ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए भारत को लगातार अच्छी शुरुआत दिलाई है। फाइनल में भी भारतीय टीम को उनसे तेज शुरुआत की उम्मीद होगी।
स्मृति मंधाना ने अब तक 154 रन बनाए हैं। उन्होंने एक शानदार शतक भी लगाया है, हालांकि उनका प्रदर्शन लगातार एक जैसा नहीं रहा। दो पारियों में वह दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकीं। इसके बावजूद भारत के टॉप ऑर्डर में मंधाना और शेफाली की जोड़ी टीम के लिए अहम हथियार बनी हुई है।
गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा भारत की बड़ी ताकत

गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा भारतीय टीम की सबसे प्रभावी खिलाड़ी रही हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में अब तक 11 विकेट लिए हैं और श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं।
दीप्ति ने गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी उपयोगी योगदान दिया है। बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने महज 6 गेंदों पर 13 रन बनाकर भारत के स्कोर को 150 रन के करीब पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी।
दीप्ति के अलावा श्री चरणी और प्रेमा रावत ने भी स्पिन विभाग में अच्छा प्रदर्शन किया है। दुबई की परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय स्पिन गेंदबाज फाइनल में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।
भारत महिला बनाम श्रीलंका महिला हेड टू हेड

महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत और श्रीलंका के बीच अब तक 31 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारतीय महिला टीम का पलड़ा पूरी तरह भारी रहा है। भारत ने 25 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि श्रीलंका की टीम को सिर्फ 5 मुकाबलों में सफलता मिली है। एक मैच का नतीजा नहीं निकल सका।
महिला एशिया कप में भी भारत का रिकॉर्ड श्रीलंका के खिलाफ बेहतर रहा है। दोनों टीमों के बीच इस टूर्नामेंट में अब तक 6 मुकाबले खेले गए हैं। भारत ने इनमें से 4 मैच जीते हैं, जबकि श्रीलंका को 1 मुकाबले में जीत मिली है। एक मैच बेनतीजा रहा।
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

भारत और श्रीलंका के बीच Women’s Asia Cup 2026 का फाइनल दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टूर्नामेंट के दौरान इस मैदान की पिच अपेक्षाकृत धीमी रही है और यहां स्पिन गेंदबाजों को अच्छी मदद मिली है।
इस टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ दो बार 150 से ज्यादा का स्कोर बना है और दोनों ही मौकों पर भारतीय टीम ने यह आंकड़ा पार किया है। मैदान के आंकड़ों की बात करें तो यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 14 में से 9 मुकाबले जीते हैं। महिला टी20 क्रिकेट में दुबई में पहली पारी का औसत स्कोर 120 रन, जबकि दूसरी पारी का औसत स्कोर 129 रन रहा है।
भारत और श्रीलंका दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारतीय महिला टीम की प्लेइंग 11
स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), गुनालन कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा
श्रीलंका महिला टीम की प्लेइंग 11
चमारी अट्टापट्टू (कप्तान), इमेशा दुलानी, विशमी गुणरत्ने, हासिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, नीलाक्षिका सिल्वा, कौशानी नुथ्यांगना (डब्ल्यू), सुगंधिका कुमारी, चामुदी प्रबोदा, मिताली अयोध्या
भारत में टीवी और ऑनलाइन कहां देखें?
भारत में इस मुकाबले का लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग SonyLIV ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



