IND W vs THA W Women’s Asia Cup 2026: महिला एशिया कप टी20 में भारत ने थाईलैंड के सामने 160 रन का टारगेट रखा है। थाईलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था, जिसके बाद भारतीय टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 159 रन बनाए है। अब थाईलैंड को मैच जीतने के लिए 160 रन बनाने होंगे।

शेफाली ने 26 गेंदों में जड़ा अर्धशतक

भारत को शुरुआत से ही शेफाली वर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई। स्मृति मंधाना के रन आउट होने के बाद भी उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी।

भारतीय टीम ने पावरप्ले में एक विकेट पर 65 रन बनाए। यह महिला टी20 एशिया कप के पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड भी भारत के नाम था। 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय टीम ने पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 59 रन बनाए थे। शेफाली ने 26 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 36 गेंदों पर 64 रन बनाकर आउट हुईं। इस दौरान उन्होंने 36 गेंदों पर 8 चौके और 3 छक्के लगाए।

मंधाना ने सूजी बेट्स को पीछे छोड़ा

स्मृति मंधाना 10 गेंदों पर 19 रन बनाकर रन आउट हुईं। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके लगाए। मंधाना भले ही बड़ी पारी नहीं खेल सकीं, लेकिन उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ा रिकॉर्ड बनाया। वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली दूसरी बल्लेबाज बन गई हैं।

मंधाना ने न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स को पीछे छोड़ दिया है। बेट्स के नाम 10,740 अंतरराष्ट्रीय रन हैं। मंधाना से आगे अब सिर्फ भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज हैं। मिताली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10,868 रन बनाए हैं।

13वें ओवर में भारत की पारी लड़खड़ाई

भारत एक समय अच्छी स्थिति में था, लेकिन 13वें ओवर के बाद टीम की पारी लड़खड़ा गई। थिपात्चा फुथावोंग ने कप्तान हरमनप्रीत कौर को 5 रन पर आउट किया। इसके बाद सुलेपॉर्न लाओमी ने लगातार दो गेंदों पर शेफाली वर्मा और ऋचा घोष को आउट किया।

ऋचा खाता भी नहीं खोल सकीं। शेफाली के आउट होने के बाद भारतीय बल्लेबाज तेजी से विकेट गंवाते गए। भारत ने 137 रन के स्कोर तक 9 विकेट गंवा दिए।

चरणी और क्रांति ने आखिरी ओवरों में संभाला

भारत की पारी को आखिरी समय में एन श्री चरणी और क्रांति गौड़ ने संभाला। दोनों ने 22 रन की साझेदारी की और टीम को 160 रन के करीब पहुंचाया। क्रांति गौड़ 8 गेंदों पर 15 रन बनाकर नाबाद रहीं। एन श्री चरणी 6 रन बनाकर नाबाद रहीं।

सुलेपॉर्न लाओमी ने झटके 3 विकेट

थाईलैंड की ओर से सुलीपोर्न लाओमी सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं, सुनिदा चातुरोंग्राटाना, चानिदा सुथिरुआंग और थिपात्चा फुथावोंग को 1-1 विकेट मिला।

प्रतिका रावल का टी20 इंटरनेशनल डेब्यू

इस मुकाबले में प्रतिका रावल ने टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया। टॉस से पहले कप्तान हरमनप्रीत कौर ने उन्हें डेब्यू कैप दी। प्रतिका के चयन को लेकर लगातार चर्चा हो रही थी। आखिरकार थाईलैंड के खिलाफ उन्हें भारत की प्लेइंग-11 में जगह मिली।

भारत की प्लेइंग-11

शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, एन श्री चरणी, क्रांति गौड़ और नंदिनी शर्मा।

थाईलैंड की प्लेइंग-11

अपिसारा सुवानचोंराठी, नाटाकन चांतम, फानिता माया, नानापट कोंचारोएनकाई (विकेटकीपर), चानिदा सुथिरुआंग, नाओमी हेमिल्टन, सुलेपॉर्न लाओमी, नानाफट चाएहान, सुनिदा चातुरोंग्राटाना, थिपात्चा फुथावोंग (कप्तान) और ओनिचा काम्चोंफू।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H