Women’s T20 World Cup 2026 Final: महिला टी20 विश्व कप 2026 का बहुप्रतीक्षित फाइनल आज शाम लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। खिताबी मुकाबले में मेजबान इंग्लैंड का सामना छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से होगा। दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया है और लगातार छह-छह जीत दर्ज करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया है।

हालांकि, इतिहास इंग्लैंड के पक्ष में नहीं है। महिला टी20 विश्व कप फाइनल में दोनों टीमों के बीच यह चौथी भिड़ंत होगी। इससे पहले 2012, 2014 और 2018 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। ऐसे में मेजबान टीम इस बार न सिर्फ दूसरा विश्व खिताब जीतने, बल्कि फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार के सिलसिले को भी समाप्त करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

बता दें कि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच यह खिताबी मुकाबला आज रात 8 बजे से लॉर्ड्स में खेला जाएगा, जबकि टॉस आधा घंटा पहले यानी शाम 7:30 बजे होगा। मुकाबले से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़ों, संभावित प्लेइंग 11, पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स समेत अन्य जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

हेड-टू-हेड में कंगारू टीम का दबदबा

महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच अब तक 45 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया ने 23 मैच जीते हैं, जबकि इंग्लैंड को 21 जीत मिली हैं। एक मुकाबला बेनतीजा रहा।

वहीं, महिला टी20 विश्व कप में दोनों टीमों के बीच सात मैच खेले गए हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया ने पांच और इंग्लैंड ने दो मुकाबले जीते हैं। खास बात यह है कि विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड इंग्लैंड के खिलाफ शत-प्रतिशत रहा है।

हालांकि, लॉर्ड्स का इतिहास मेजबान टीम के पक्ष में जाता है। इंग्लैंड ने इस मैदान पर खेले चारों महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले जीते हैं। इसके अलावा महिला टी20 विश्व कप में घरेलू सरजमीं पर इंग्लैंड अब तक अजेय रहा है और सभी 11 मैच अपने नाम किए हैं।

दोनों टीमों का शानदार सफर

ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप चरण में दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, नीदरलैंड, पाकिस्तान और भारत को हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

दूसरी ओर इंग्लैंड ने श्रीलंका, आयरलैंड, स्कॉटलैंड, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड को मात देने के बाद सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 40 रन से हराकर लगातार छठी जीत दर्ज की।

इंग्लैंड की उम्मीदें डैनी व्याट-हॉज और एक्लेस्टोन पर

इंग्लैंड की बल्लेबाजी में डैनी व्याट-हॉज सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी हैं। उन्होंने छह पारियों में 294 रन बनाए हैं और इस विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं। कप्तान नैट सिवर-ब्रंट ने चोट से वापसी के बाद सेमीफाइनल में 47 गेंदों पर 75 रन की शानदार पारी खेलकर फॉर्म में लौटने के संकेत दिए।

गेंदबाजी में दुनिया की नंबर एक स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन और चार्ली डीन ने नौ-नौ विकेट लेकर इंग्लैंड की राह आसान बनाई है। वहीं नई गेंद से लॉरेन बेल से भी टीम को काफी उम्मीदें होंगी।

ऑस्ट्रेलिया के लिए पेरी की फिटनेस अहम

ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बड़ा सवाल स्टार ऑलराउंडर एलिस पेरी की फिटनेस को लेकर है। वह वेस्टइंडीज के खिलाफ सेमीफाइनल में क्वाड्रिसेप्स में परेशानी के कारण रिटायर्ड हर्ट हो गई थीं। हालांकि फाइनल से पहले उन्होंने नेट्स में अभ्यास किया, जिससे उनके खेलने की उम्मीद बढ़ गई है।

कप्तान सोफी मोलिन्यू गेंद से शानदार फॉर्म में हैं और टूर्नामेंट में 10 विकेट ले चुकी हैं। वहीं जॉर्जिया वेयरहैम ने सात विकेट लेने के अलावा बल्ले से भी तेज रन बनाए हैं। बेथ मूनी का इंग्लैंड के खिलाफ बेहतरीन रिकॉर्ड भी ऑस्ट्रेलिया के लिए बड़ी ताकत माना जा रहा है।

लॉर्ड्स की पिच क्या कहती है?

इस विश्व कप में लॉर्ड्स की पिच ने तेज गेंदबाजों को भरपूर मदद दी है। नई गेंद से सीम मूवमेंट और अतिरिक्त उछाल देखने को मिला है। बावजूद इसके, इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप स्टेज में भारत के खिलाफ 171 रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल कर साबित किया कि अच्छी बल्लेबाजी होने पर बड़ा स्कोर भी बनाया और चेज किया जा सकता है।

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की संभावित प्लेइंग 11

ऑस्ट्रेलिया:

बेथ मूनी (विकेटकीपर), जॉर्जिया वोल, फोएबे लिचफील्ड, एलिस पेरी, ऐश गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहैम, एनाबेल सदरलैंड, निकोला कैरी, सोफी मोलिन्यू (कप्तान), किम गर्थ, लूसी हैमिल्टन।

इंग्लैंड:

डैनी व्याट-हॉज, एमी जोन्स (विकेटकीपर), नैट सिवर-ब्रंट (कप्तान), एलिस कैप्सी, हीदर नाइट, फ्रेया केम्प, डैनी गिब्सन, चार्ली डीन, सोफी एक्लेस्टोन, लिंसी स्मिथ और लॉरेन बेल।

अब निगाहें लॉर्ड्स पर टिकी हैं, जहां एक ओर ऑस्ट्रेलिया सातवां महिला टी20 विश्व कप खिताब जीतने उतरेगा, तो दूसरी ओर इंग्लैंड घरेलू दर्शकों के सामने इतिहास बदलकर 17 साल बाद दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने की कोशिश करेगा।

कहां देखें लाइव मुकाबला?

महिला टी20 विश्व कप 2026 के इस फाइनल मुकाबले का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। दर्शक टीवी पर हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में कमेंट्री का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा, इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगी, जहां मोबाइल और अन्य डिजिटल डिवाइस पर भी मुकाबला देखा जा सकता है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H