ICC Women’s T20 World Cup 2026: ICC महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में होने जा रहा है। टूर्नामेंट शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं और सभी 12 टीमें अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। इसी बीच लंदन में आयोजित कप्तानों की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर अपने रिटायरमेंट से जुड़े सवाल पर दिए गए जवाब को लेकर चर्चा में आ गईं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक पत्रकार ने हरमनप्रीत कौर से पूछा कि क्या यह उनका आखिरी टी20 वर्ल्ड कप हो सकता है। सवाल सुनते ही भारतीय कप्तान ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “क्यों?” हरमनप्रीत का यह जवाब सुनकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद लोग हंस पड़े।
हालांकि मामला यहीं नहीं रुका। जब पत्रकार ने कहा कि वह सिर्फ जानकारी लेना चाह रहे थे, तब हरमनप्रीत ने पलटकर सवाल किया, “क्या आपको लगता है कि मुझे रुक जाना चाहिए?” पत्रकार ने तुरंत जवाब दिया, “नहीं, बिल्कुल नहीं।” इसके बाद हरमनप्रीत ने मुस्कुराते हुए कहा, “तो फिर आप यह सवाल क्यों पूछ रहे हैं?” उनके इस जवाब के बाद कुछ पल के लिए माहौल शांत हो गया और फिर पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा।
वर्ल्ड कप जीतने के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया

भारतीय महिला टीम इस बार पहली बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरने जा रही है। टूर्नामेंट से पहले टीम को वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ वॉर्म-अप मुकाबले खेलने हैं, ताकि खिलाड़ी परिस्थितियों के अनुसार खुद को तैयार कर सकें।
भारत को इस बार ग्रुप ए में रखा गया है, जिसे टूर्नामेंट का सबसे कठिन ग्रुप माना जा रहा है। इस ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स जैसी टीमें शामिल हैं। ऐसे में टीम इंडिया के सामने ग्रुप चरण से ही कड़ी चुनौती रहने वाली है।
महिला क्रिकेट में बदलाव पर भी बोलीं हरमनप्रीत
रिटायरमेंट के सवाल के अलावा हरमनप्रीत कौर ने महिला क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत में महिला क्रिकेट को लेकर लोगों की सोच में बड़ा बदलाव आया है और अब पहले की तुलना में कहीं अधिक लड़कियां क्रिकेट खेलने के लिए आगे आ रही हैं।
हरमनप्रीत ने कहा कि जब टीम अच्छा प्रदर्शन करती है तो उसका असर पूरे देश में दिखाई देता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय टीम इस वर्ल्ड कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी और इससे देश में महिला क्रिकेट को और मजबूती मिलेगी।
12 जून से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम पर सभी की नजरें रहेंगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि हरमनप्रीत कौर की अगुआई में टीम इंडिया लंबे समय से चले आ रहे आईसीसी ट्रॉफी के इंतजार को खत्म कर पाती है या नहीं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

