IND W vs AUS W, ICC Women’s T20 World Cup 2026: महिला टी20 विश्व कप 2026 के आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 171 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा है। लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे इस अहम मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, जिसे टीम ने शानदार बल्लेबाजी के दम पर सही साबित किया।

भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शानदार कप्तानी पारी खेलते हुए महज 27 गेंदों में 56 रन बनाए। अपनी विस्फोटक पारी के दौरान उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के जड़े। उनकी तेजतर्रार बल्लेबाजी ने भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
शेफाली और स्मृति ने दिलाई दमदार शुरुआत
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों पर दबाव बनाया। शेफाली ने 34 रन, जबकि स्मृति ने 38 रन की उपयोगी पारी खेली।
हरमनप्रीत-जेमिमा की साझेदारी ने संभाली पारी
सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने जेमिमा रोड्रिग्स के साथ तीसरे विकेट के लिए 64 रनों की अहम साझेदारी कर भारतीय पारी को मजबूती दी। जेमिमा ने 34 रन बनाए और बाद में रिटायर्ड आउट हुईं। हरमनप्रीत की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत भारत 170 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा।
सोफी मोलिन्यू ने झटके दो विकेट
ऑस्ट्रेलिया की ओर से सोफी मोलिन्यू सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने किफायती गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट अपने नाम किए। हालांकि भारतीय बल्लेबाजों ने नियमित अंतराल पर रन बनाते हुए ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को पूरी तरह हावी नहीं होने दिया।
भारतीय टीम के लिए हर हाल में जीत जरुरी

गौरतलब है कि यह मुकाबला सेमीफाइनल की दौड़ के लिहाज से बेहद अहम है। ऑस्ट्रेलिया लगभग क्वालीफाई कर चुकी है, लेकिन भारत के लिए यह मैच “करो या मरो” की स्थिति जैसा है। अगर भारत इस मुकाबले में जीत दर्ज करता है, तो भारत, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका तीनों के 8-8 अंक हो जाएंगे। हालांकि बेहतर नेट रनरेट के चलते ऑस्ट्रेलिया शीर्ष स्थान पर रहेगा। भारत का नेट रनरेट फिलहाल साउथ अफ्रीका से बेहतर है, इसलिए जीत मिलने पर टीम इंडिया सेमीफाइनल का टिकट लगभग पक्का कर लेगी।
भारत और ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग-11

भारत की प्लेइंग-11
स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर, क्रांति गौड़
ऑस्ट्रेलिया की संभावित प्लेइंग-11
बेथ मूनी (विकेटकीपर), जॉर्जिया वोल, फोबे लिचफील्ड, एलिस पेरी, एशले गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहम, एनाबेल सदरलैंड, निकोला कैरी, सोफी मोलिनक्स (कप्तान), किम गार्थ, लुसी हैमिल्टन
कहां देखें लाइव मुकाबला?

भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है। दर्शक टीवी पर हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में कमेंट्री का आनंद ले सकते हैं। इसके अलावा, इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध है, जहां मोबाइल और अन्य डिजिटल डिवाइस पर भी मुकाबला देखा जा सकता है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

