IND W vs AUS W, ICC Women’s T20 World Cup 2026: महिला टी20 विश्व कप के आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबले में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें आमने-सामने हैं। लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। हरमनप्रीत कौर ने बताया कि क्रांति गौड़ की प्लेइंग 11 में वापसी हुई है। उन्हें नंदिनी शर्मा की जगह मौका मिला है।

यह मुकाबला सेमीफाइनल की दौड़ के लिहाज से बेहद अहम है। ऑस्ट्रेलिया लगभग क्वालीफाई कर चुकी है, लेकिन भारत के लिए यह मैच “करो या मरो” की स्थिति जैसा है। अगर भारत इस मुकाबले में जीत दर्ज करता है, तो भारत, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका तीनों के 8-8 अंक हो जाएंगे। हालांकि बेहतर नेट रनरेट के चलते ऑस्ट्रेलिया शीर्ष स्थान पर रहेगा। भारत का नेट रनरेट फिलहाल साउथ अफ्रीका से बेहतर है, इसलिए जीत मिलने पर टीम इंडिया सेमीफाइनल का टिकट लगभग पक्का कर लेगी।

वहीं, अगर भारत पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 रन बनाता है, तो ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल करने के लिए उसे ऑस्ट्रेलिया को 93 रन से हराना होगा। दूसरी ओर, यदि ऑस्ट्रेलिया 160 रन का लक्ष्य देता है, तो भारत को नेट रनरेट के आधार पर टॉप पर पहुंचने के लिए लगभग 8.1 ओवर के भीतर लक्ष्य हासिल करना होगा।

बता दें कि भारतीय महिला और ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के बीच मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा। मुकाबले से पहले आइए लॉर्ड्स की पिच रिपोर्ट, दोनों टीमों की प्लेइंग-11, हेड-टू-हेड रिकॉर्ड और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी अहम अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

लॉर्ड्स की पिच रिपोर्ट

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले मुकाबले में लॉर्ड्स की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार रहने की उम्मीद है। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट मिल सकता है, जिससे ओपनर्स की परीक्षा होगी। हालांकि जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, पिच बल्लेबाजी के लिए आसान होती जाएगी और बल्लेबाज खुलकर शॉट्स खेल सकेंगे।

यहां बड़ा स्कोर बनाने के लिए सेट बल्लेबाजों की भूमिका अहम होगी क्योंकि नई गेंद के बाद रन बनाना अपेक्षाकृत आसान हो जाता है।

मौसम की बात करें तो AccuWeather के अनुसार मैच के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, जो खेल के लिए अनुकूल स्थिति मानी जा रही है।

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा भारी?

महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक 37 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया का दबदबा साफ नजर आता है। कंगारू टीम ने 27 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि भारत को नौ मुकाबलों में सफलता मिली है। दोनों टीमों के बीच एक मैच टाई भी रहा है।

यदि महिला टी20 विश्व कप की बात करें, तो यहां भी ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड भारत के खिलाफ शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक छह मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया ने पांच बार जीत हासिल की है। भारत की एकमात्र जीत 2018 महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप स्टेज में आई थी, जब स्मृति मंधाना की 83 रन की शानदार पारी की बदौलत टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराया था।

हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को कड़ी चुनौती दी है। भारतीय टीम ने 2025 महिला वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल का टिकट कटाया था। इसके अलावा, इसी साल ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर टी20 सीरीज जीतकर टीम इंडिया ने अपने बढ़ते आत्मविश्वास और मजबूत प्रदर्शन का भी परिचय दिया।

भारत और ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग-11

भारत की प्लेइंग-11

स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर, क्रांति गौड़

ऑस्ट्रेलिया की संभावित प्लेइंग-11

बेथ मूनी (विकेटकीपर), जॉर्जिया वोल, फोबे लिचफील्ड, एलिस पेरी, एशले गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहम, एनाबेल सदरलैंड, निकोला कैरी, सोफी मोलिनक्स (कप्तान), किम गार्थ, लुसी हैमिल्टन

कहां देखें लाइव मुकाबला?

भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। दर्शक टीवी पर हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में कमेंट्री का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा, इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगी, जहां मोबाइल और अन्य डिजिटल डिवाइस पर भी मुकाबला देखा जा सकता है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H