Women’s T20 World Cup 2026: पाकिस्तान के खिलाफ शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज करने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम अब विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने दूसरे मुकाबले के लिए तैयार है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम बुधवार को लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर नीदरलैंड्स से भिड़ेगी। दोनों टीमों के बीच यह पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होगा।

भारतीय टीम ने अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 64 रन से हराकर टूर्नामेंट में दमदार शुरुआत की थी। ऐसे में टीम इंडिया की नजर लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ग्रुप में अपनी स्थिति मजबूत करने पर होगी। दूसरी ओर, बांग्लादेश के खिलाफ हार झेलने वाली नीदरलैंड्स की टीम टूर्नामेंट में जीत का खाता खोलने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। भारत और नीदरलैंड्स के बीच यह मुकाबला बुधवार शाम 7 बजे से हेडिंग्ले स्टेडियम, लीड्स में खेला जाएगा।

हेडिंग्ले स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

हेडिंग्ले स्टेडियम की पिच शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। नई गेंद से यहां अच्छा स्विंग और अतिरिक्त उछाल देखने को मिलता है, जिससे बल्लेबाजों को शुरुआत में सावधानी बरतनी पड़ती है। हालांकि मैच आगे बढ़ने के साथ पिच थोड़ी धीमी हो सकती है, जिससे स्पिन गेंदबाजों को भी मदद मिलने की उम्मीद है। इस मैदान पर लक्ष्य का पीछा करना अपेक्षाकृत कठिन माना जाता है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद कर सकती है। ऐसे में मुकाबले में टॉस की भूमिका भी काफी अहम रहने वाली है।

भारत और नीदरलैंड्स दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11

भारत

स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, श्री चारणी, क्रांति गौड़।

नीदरलैंड्स

स्टेरे कालिस, सान्या खुराना, फेबे मोल्केनबोअर, बैबेट डे लीडे (कप्तान और विकेटकीपर), रोबिन रिक्स, आइरिस ज्वीलिंग, हीथर सीजर्स, फ्रेडरिक ओवरडाइक, कैरोलिन डे लांगे, सिल्वर सीजर्स, इसाबेल वान निंग।

यहां देख सकेंगे लाइव मैच

भारत और नीदरलैंड्स के बीच खेले जाने वाले इस मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।

भारतीय टीम का आगे का कार्यक्रम

21 जून – भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, मैनचेस्टर

25 जून – भारत बनाम बांग्लादेश, मैनचेस्टर

28 जून – भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, लंदन

पाकिस्तान के खिलाफ जीत से मिले आत्मविश्वास के साथ भारतीय टीम नीदरलैंड्स के खिलाफ भी जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहेगी। वहीं, नीदरलैंड्स की टीम टूर्नामेंट में उलटफेर कर अपने अभियान को नई दिशा देने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H