भारत और चीन के रिश्तों में लंबे समय से जारी तनाव के बीच एक बड़ी कूटनीतिक हलचल सामने आई है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अगले महीने भारत में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए नई दिल्ली आ सकते हैं। यह करीब सात साल बाद उनका भारत दौरा होगा और इसे दोनों देशों के संबंधों में सुधार के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
12-13 सितंबर को होगा BRICS सम्मेलन
भारत में 12 और 13 सितंबर को BRICS शिखर सम्मेलन आयोजित होने वाला है। सूत्रों के अनुसार, शी जिनपिंग इस सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंच सकते हैं। उनके संभावित दौरे को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चीनी अधिकारी दिल्ली में होटल बुकिंग और सुरक्षा प्रोटोकॉल को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
400 अधिकारियों का बड़ा प्रतिनिधिमंडल
इस बार शी जिनपिंग के साथ करीब 400 अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भारत आ सकता है। यह संख्या उनकी 2019 की भारत यात्रा की तुलना में काफी अधिक है। उस दौरान उनके साथ 200 से कम अधिकारी आए थे। इतने बड़े प्रतिनिधिमंडल को दोनों देशों के बीच संभावित व्यापक बातचीत के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
LAC और व्यापार पर हो सकती है चर्चा
शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच द्विपक्षीय बैठक होने की संभावना है। इसमें LAC पर शांति, सीमा विवाद, द्विपक्षीय व्यापार और भारत के व्यापार घाटे जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
गलवान के बाद रिश्तों में सुधार की उम्मीद
2020 में गलवान घाटी की हिंसक झड़प के बाद भारत-चीन संबंधों में भारी तनाव आया था। ऐसे में शी जिनपिंग का संभावित भारत दौरा रिश्तों में धीरे-धीरे सुधार का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।
हालांकि, भारत और चीन की ओर से अभी इस दौरे की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। वहीं, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के BRICS सम्मेलन में शामिल होने की पुष्टि हो चुकी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


