Amit Shah Gift of ₹8941 Crore to Delhi: ‘मैली यमुना’ (Yamuna River) को निर्मल करने अमित शाह ने ₹8,941 करोड़ की सौगात दी है। 22 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यमुना नदी के पुनरुद्धार के उद्देश्य से दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की 8,941 करोड़ रुपये की लागत वाली 43 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। 

इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि मैं आज दिल्ली की जनता को कहने आया हूं कि दिल्ली की सरकार बनते ही हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 ही महीने में एक बड़ी बैठक बुलाकर यमुना जी को शुद्ध करने की उनकी संकल्पना दिल्ली सरकार और गृह मंत्रालाय के सामने उन्होंने रखी थी। मुझे खुशी है कि इतने कम समय में हमने 40 प्रतिशत से ज्यादा मजल काटने का काम कर लिया है। आज ये 9 हजार करोड़ की योजना में गंदे पानी को शुद्ध करने और कई प्रकार के पीने के पानी की योजना का आज लोकार्पण और भूमिपूजन भी हो रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक पार्टियां होती हैं जो बहाने की राजनीति करती हैं। इससे पहले दिल्ली में AAP पार्टी की सरकार थी। कांग्रेस की सरकार थी। वो बहाने बनाते थे कि हमें यह मदद नहीं मिली, वह मदद नहीं मिली। केजरीवाल जी मेरे पास आपकी हर बात का जवाब है मगर मैं जवाब तब दूंगा जब पंजाब में भी AAP सरकार को हम उखाड़कर फेंक देंगे। आपने आंदोलन के नाम पर सत्ता हथियाकर भ्रष्टाचार करने के अलावा कुछ नहीं किया। कूड़े के पहाड़ों के नाम पर राजनीति करते रहे और हमने कूड़े के पहाड़ों को नीचे लाने का काम किया है और मैं आज यह कहकर जाता हूं कि 2 साल बाद आपको वहां बगीचा दिखाई देगा।

केजरीवाल जी आपने 3 बार यमुना में डुबकी लगाने का झूठा वादा किया

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि केजरीवाल जी आपने 3 बार यमुना में डुबकी लगाने का झूठा वादा किया। आपने तो डुबकी नहीं लगाई लेकिन आपके कटआउट को डुबकी लगवाई तो वो भी बीमार हो गया और AIIMS में भर्ती करना पड़ा। यमुना के शुद्धिकरण के लिए आपने कुछ काम नहीं किया। विश्व स्तरीय काम भाजपा की सरकार ने किया है और 3 साल का एक एक्शन प्लान हमने बनाया है। हम दिल्ली के हर घर को गटर के पानी के सीवरेज का कनेक्शन देंगे और हर घर में शुद्ध पीने का पानी पहुंचाने का काम भी भाजपा करेगी।

सीएम रेखा गुप्ता बोलीं- जो संकल्प लिया है उसे पूरा करेंगे

इस अवसर पर दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि जो संकल्प लिया है उसे पूरा करेंगे। मां यमुना को एक बार फिर से अविरल रूप में हम दिल्ली को देंगे। हर घर सीवर से कनेक्टेड होगा। हर कॉलोनी में सीवर की लाइन होगी और हर सीवर लाइन एसटीपी से जुड़ी होगी, ताकि लेशमात्र भी गंदा पानी यमुना तक न जाए। एक ओर आदरणीय प्रधानमंत्री जी का नेतृत्व और दूसरी ओर आपका मार्गदर्शन… दिल्ली की कोई भी समस्या टिकने वाली नहीं है। हर एक समस्या का समाधान करने के लिए हमारी यह सरकार, पूरी टीम और सभी अधिकारी लगे हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के विकास में निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन के लिए माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री @AmitShah जी का हार्दिक आभार। दिल्ली की जनता और यहां उपस्थित सभी साथियों की ओर से उन्हें जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

SIR पर चुनाव आयोग में फूट! 10 महीने में 14 बार दो चुनाव आयुक्तों ने फैसलों पर जताई नाराजगी, जानकारी के बिना निर्णय लेने का लगाया आरोप

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m