यमुनानगर। जिस दोस्त के साथ ठेकेदार इरफान काम के सिलसिले में पांवटा साहिब गया था, अगले दिन उसी की लाश खेत में मिली। शुरुआत में मामला रहस्यमय नजर आया, लेकिन पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो शक की सुई उसके ही दोस्त और पूर्व कारोबारी पार्टनर राकेश कुमार पर टिक गई। पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच पैसों और प्रॉपर्टी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने कथित तौर पर दोस्ती का रिश्ता दुश्मनी में बदल दिया।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को इरफान और राकेश किसी काम से पांवटा साहिब गए थे। लौटते समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि राकेश ने इरफान के साथ मारपीट की। इसके बाद इरफान खेतों की ओर भागा, लेकिन राकेश भी उसके पीछे चला गया। पुलिस का दावा है कि इसी घटनाक्रम के बाद इरफान की मौत हो गई और राकेश मौके से निकल गया।
अगली सुबह 30 सितंबर को जेधर गांव में श्मशान घाट की ओर जाने वाले रास्ते के पास खेत में एक शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची टीम को मृतक की जेब से करीब 50 हजार रुपये और बाइक की चाबी मिली। आसपास वाहन के टायरों के निशान भी पुलिस को मिले। बाद में परिवार ने अस्पताल पहुंचकर शव की पहचान 55 वर्षीय इरफान के रूप में की।
जांच के दौरान पुलिस ने इरफान के साथ आखिरी बार मौजूद रहे लोगों और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। राकेश से पूछताछ हुई तो उसने पुलिस को अलग-अलग जानकारी दी। उसने इरफान के किसी अन्य व्यक्ति के साथ करीब डेढ़ लाख रुपये के लेन-देन के विवाद की बात भी बताई। हालांकि पुलिस को उसकी भूमिका पर संदेह बना रहा।
इसके बाद पूछताछ आगे बढ़ी तो पुलिस के मुताबिक राकेश ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। जांच में दोनों की पुरानी कारोबारी साझेदारी और पैसों तथा प्रॉपर्टी को लेकर चल रहे विवाद को हत्या की वजह से जोड़कर देखा जा रहा है।
CIA-1 की टीम ने राकेश कुमार को दादूपुर हेड रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। DSP रजत गुलिया ने शनिवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

