यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर जिले में बुड़िया थाना क्षेत्र के गांव लक्कड़ के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नथनपुर से अपने गांव भीलपुरा लौट रहे संदीप कुमार की मोटरसाइकिल को सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने दाहिनी तरफ से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल संदीप को परिजन तुरंत यमुनानगर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पीछे आ रहे भाई के सामने हुआ हादसा
बुड़िया थाना पुलिस को दी शिकायत में भीलपुरा निवासी संजय कुमार ने बताया कि वह गांव नथनपुर में बिजली की दुकान चलाता है। बीती रात उसका भाई संदीप कुमार मोटरसाइकिल से नथनपुर से अपने गांव भीलपुरा जा रहा था और संजय भी अपनी बाइक से उसके पीछे-पीछे लौट रहा था। जैसे ही वे गांव लक्कड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने संदीप की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि संदीप सड़क पर गिर गए और उनके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
मौके पर बाइक छोड़कर भागा आरोपी, केस दर्ज
घटना के तुरंत बाद आरोपी चालक अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर भाग निकला। संजय ने किसी वाहन की व्यवस्था कर अपने भाई संदीप को यमुनानगर के प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक संदीप अपने पीछे तीन बच्चे (दो बेटियां और एक बेटा) छोड़ गए हैं।
जांच अधिकारी एएसआई राधेश्याम ने बताया कि पुलिस ने डॉक्टर की रिपोर्ट और मृतक के भाई संजय की शिकायत पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



