यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर जिले के जगाधरी में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां और छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जगाधरी में सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के सामने हुआ, जहां मिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें ट्रैक्टर स्कूटी को घसीटकर ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ड्राइवर की तलाश जारी है।

चाचा के निकाह की खरीदारी के लिए जा रहा था परिवार

बूड़िया थाना क्षेत्र के गांव सुघ निवासी मोहम्मद काला लकड़ी मंडी में आढ़ती हैं। उनके छोटे भाई कामिल का 4 नवंबर को निकाह होना है, जिसके चलते घर में तैयारियां चल रही थीं। इसी सिलसिले में शनिवार को काला की पत्नी मुर्सिबा अपनी 16 वर्षीय बेटी महक और दो बेटों, 6 वर्षीय अरहम व ढाई वर्षीय आहान के साथ बाजार में शॉपिंग के लिए निकली थीं। स्कूटी महक चला रही थी और बाकी सभी उसके साथ बैठे थे।

अचानक कट मारने से हुआ हादसा

शनिवार शाम करीब पौने 4 बजे परिवार जब जगाधरी में सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के सामने पहुंचा, तो मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने अचानक कट मार दिया। इससे स्कूटी ट्रैक्टर से टकरा गई और उस पर सवार चारों लोग नीचे गिरकर ट्रॉली की चपेट में आ गए। हादसे में महक और अरहम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुर्सिबा और आहान गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में इलाज जारी, आरोपी ड्राइवर की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे फंसे दोनों बच्चों के शवों को निकलवाकर मॉर्च्युरी भिजवाया। घायलों को जगाधरी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद आहान की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जगाधरी सिटी थाने के जांच अधिकारी जसपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है और फरार आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m