लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश पुलिस में कुशल खिलाड़ी कोटा के अंतर्गत चयनित 470 खेल प्रतिभाओं को नियुक्ति-पत्र प्रदान किया. अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस बल का आज हिस्सा बनने वाले सभी 470 युवा खिलाड़ियों को हृदय से बधाई. इस नियुक्ति पत्र के साथ आपकी जर्सी से वर्दी तक की यात्रा प्रारंभ हुई है. जर्सी में रहते हुए आपने जो कार्य किया और जो परिणाम दिए, सरकार को आपसे वर्दी में भी उसी प्रकार के प्रदर्शन की अपेक्षा है.
योगी ने आगे कहा कि युवा साथियों, आज जो नियुक्ति-पत्र आपको प्राप्त हो रहा है, यह न सरकार की कृपा है, न अनुकंपा है; यह आपके पसीने का परिश्रम है और उस परिश्रम की कीमत आज आपको उपलब्ध कराई जा रही है. अब तक हमारे जिन कुशल खिलाड़ियों ने ओलंपिक और अन्य प्रतियोगिताओं में प्रदेश के लिए मेडल जीते हैं, उन्हें प्रोत्साहन के रूप में ₹200 करोड़ से अधिक की राशि उपलब्ध कराई गई है.
इसे भी पढ़ें : छप्पर और खपरैल से मुक्ति! PM ग्रामीण आवास की पहली किस्त को हरी झंडी, सजने लगा पक्के आशियाने का सपना
सीएम ने कहा कि 64 हजार हेक्टेयर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराकर आज उत्तर प्रदेश में गांव से लेकर प्रदेश स्तर तक खेल के मैदान, मिनी स्टेडियम, स्टेडियम और इंटरनेशनल स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं. हर कमिश्नरी में स्पोर्ट्स कॉलेज और उनमें Centre of Excellence स्थापित किए जा रहे हैं, जहां खिलाड़ियों को International Standard की प्रैक्टिस, बेहतर कोचिंग और आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी. आज उत्तर प्रदेश के पास अपनी Sports University भी है. हमारा लक्ष्य स्पष्ट है- प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं देकर उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना.

