उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अंबेडकरनगर जिले के गोविंद साहब मेला परिसर पहुंचकर 707 करोड़ रुपये लागत की 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस कार्यक्रम के जरिए जिले की टांडा, आलापुर और जलालपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए कई महत्वपूर्ण बुनियादी और पर्यटन ढांचे से संबंधित विकास कार्यों को हरी झंडी दी जाएगी।
अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अंबेडकरनगर जिले के दौरे पर आ रहे हैं। गोविंद साहब मेला परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वे जिले के तीन प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों- आलापुर, जलालपुर और टांडा के निवासियों के लिए 707 करोड़ रुपये की 194 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के आगमन और जनसभा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
194 योजनाओं का होगा लोकार्पण-शिलान्यास
प्रशासनिक विवरण के मुताबिक, मुख्यमंत्री कुल 5 अरब 60 करोड़ रुपये की लागत वाली 158 निर्मित परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जबकि 1 अरब 46 करोड़ रुपये की 36 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इनमें टांडा विधानसभा को 217.69 करोड़ रुपये की 69 परियोजनाएं, आलापुर को 313.18 करोड़ की 75 परियोजनाएं और जलालपुर विधानसभा को 176.93 करोड़ रुपये की 50 विकास परियोजनाएं मिलेंगी।
यह भी पढ़ें: पहले गूंजी किलकारी, फिर सुनाई दी नई धड़कन! SGPGI में एक साथ सिजेरियन और ओपन हार्ट सर्जरी
प्रमुख विकास व पर्यटन कार्य
इन परियोजनाओं में जल जीवन मिशन के तहत आलापुर में 32 और जलालपुर में 26 ‘हर घर नल से जल’ योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा पॉवर कॉरपोरेशन के बुनियादी ढांचे में सुधार, टांडा राजकीय आईटीआई का लोकार्पण, महादेवा घाट का पर्यटन विकास और राजकीय मेडिकल कॉलेज में पुलिस चौकी का निर्माण कराया जाएगा। वहीं आलापुर के रामजानकी मंदिर टिकरिया और संत बाबा गोविंद साहब की तपोभूमि मठ का भी पर्यटन विकास किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: 75 जिले… 5 करोड़ घर… एक तिरंगा ! पहली बार पूरे यूपी में होगा ‘तिरंगा कॉन्सर्ट’, हर घर पर लहराएगा राष्ट्रीय ध्वज
मुख्यमंत्री का मिनट-टू-मिनट शेड्यूल
तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 2:10 बजे लखनऊ से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेंगे और 2:45 बजे गोविंद साहब मेला परिसर स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। वे दोपहर 2:55 बजे मंच पर पहुंचकर परियोजनाओं की सौगात देंगे और 3:00 बजे से 4:00 बजे तक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके पश्चात शाम 4:10 बजे हेलीपैड से रवाना होकर पौने पांच बजे तक लखनऊ वापस लौट जाएंगे।


